Lucknow : मंत्री आशीष पटेल ने राज्यपाल के अभिभाषण का समर्थन करते हुए गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, आठ वर्षों में दोगुनी से अधिक हुई अर्थव्यवस्था, विकास के ठोस आंकड़े पेश
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2016-17 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 54,564 रुपए थी, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर ₹1,09,844 हो गई है। राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में प्रदेश की हिस्सेदारी 8.6 प्रति
- प्रति व्यक्ति आय, कर राजस्व और बजट आकार में ऐतिहासिक वृद्धि
- ODOP, अभ्युदय योजना से युवाओं व स्थानीय उद्योगों को नई पहचान
- एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और रोपवे से सशक्त बुनियादी ढांचा
- किसान हित, सामाजिक योजनाओं और एमएसएमई में प्रदेश देश में अग्रणी
लखनऊ। प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री आशीष पटेल ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान योगी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आठ वर्षों में आर्थिक, औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था दुगुने से अधिक आकार ले चुकी है और विकास के ठोस आंकड़े इसका प्रमाण हैं।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2016-17 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 54,564 रुपए थी, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर ₹1,09,844 हो गई है। राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में प्रदेश की हिस्सेदारी 8.6 प्रतिशत से बढ़कर 9.1 प्रतिशत तक पहुंची है। प्रति व्यक्ति आय का राष्ट्रीय औसत से अनुपात, जो वर्ष 2014-15 में 50.2 प्रतिशत तक गिर गया था, वह अब बढ़कर 53.5 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य का स्वयं कर राजस्व 2016-17 में 0.86 लाख करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में बढ़कर लगभग 2 लाख करोड़ रुपये हो गया है। प्रदेश सरकार ने 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रस्तुत किया है, जो विकास की गति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि One District One Product योजना के माध्यम से वर्ष 2018-19 से दिसंबर 2025 तक 890.44 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी वितरित की गई, जिससे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिली। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत 2021 से 2024-25 तक प्रशिक्षित अभ्यर्थियों में से 918 युवाओं ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की।
मंत्री पटेल ने कहा कि प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है और जेवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा सहित पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का विकास किया जा रहा है। प्रदेश में सात एक्सप्रेसवे संचालित हैं, तीन का निर्माण जारी है और 12 नए प्रस्तावित हैं, जिससे उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे प्रदेश के रूप में स्थापित हो रहा है। उन्होंने बताया कि वाराणसी अर्बन रोपवे देश का पहला शहरी रोपवे प्रोजेक्ट है, जो शीघ्र प्रारंभ होगा।
कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि दिसंबर 2025 तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21 किस्तों के माध्यम से 3 करोड़ 12 लाख किसानों को लाभ पहुंचाया गया। वर्ष 2017 से अब तक गन्ना किसानों को 3,04,321 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया, जो पूर्ववर्ती 22 वर्षों के कुल भुगतान से लगभग 90 हजार करोड़ रुपये अधिक है। पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है और औसत गन्ना उत्पादकता 72.38 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 84 मीट्रिक टन हो गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 11 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और 9 किलोमीटर सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। 168 कार्यों के अंतर्गत 1410 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण पूर्ण किया गया है। आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया गया है।
मंत्री पटेल ने कहा कि जनधन खातों, सुरक्षा बीमा योजना, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पेंशन योजना तथा एमएसएमई स्थापना के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश “बॉटल नेक स्टेट” से “ब्रेक थ्रू स्टेट” की ओर अग्रसर है और विकसित उत्तर प्रदेश 2047 की परिकल्पना को साकार करने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे परिवर्तन के लिए आभार व्यक्त करते हुए राज्यपाल के अभिभाषण का समर्थन किया।
Also Click : Bajpur : देहरादून में 15 दिनों में पांच हत्याएं, कानून व्यवस्था पर यशपाल आर्य ने उठाए सवाल
What's Your Reaction?











