Lucknow : युवाओं के लिए वैश्विक रोजगार के नए द्वार, यूपीएसडीएम में ‘स्पीडअप’ सेल का शुभारंभ
उन्होंने जानकारी दी कि ‘स्पीडअप’ मॉडल चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है—उद्योगों की मांग का विश्लेषण, युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा वैश्विक अवसरों
- मिशन निदेशक पुलकित खरे ने किया उद्घाटन, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय अवसरों पर फोकस
- तकनीकी दक्षता के साथ सॉफ्ट स्किल्स पर जोर, रोजगार की गुणवत्ता में होगा सुधार
लखनऊ : उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) द्वारा युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘स्पीडअप’ सेल की स्थापना की गई है। इस सेल का उद्घाटन मिशन निदेशक पुलकित खरे द्वारा यूपीएसडीएम कार्यालय, लखनऊ में किया गया।
इस अवसर पर मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि ‘स्पीडअप’ सेल का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि प्रशिक्षण पूर्ण होते ही उन्हें गुणवत्तापूर्ण और त्वरित रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के रोजगार के लिए भी तैयार करेगी।
उन्होंने जानकारी दी कि ‘स्पीडअप’ मॉडल चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है—उद्योगों की मांग का विश्लेषण, युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा वैश्विक अवसरों से जोड़ना। इस सेल के माध्यम से विभिन्न कंपनियों की आवश्यकताओं का आकलन कर उसी अनुरूप पाठ्यक्रम विकसित किए जाएंगे, जिससे प्रशिक्षण और रोजगार के बीच की दूरी को कम किया जा सके।
मिशन निदेशक ने बताया कि तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं को सॉफ्ट स्किल्स जैसे संप्रेषण कौशल, व्यक्तित्व विकास एवं कार्यस्थल व्यवहार की भी विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे वे देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्य करने के लिए सक्षम बन सकें।
इस पहल को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए EY (Ernst & Young) को एक्सपर्ट पार्टनर के रूप में जोड़ा गया है, जो प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उद्योग समन्वय को सुदृढ़ करने में सहयोग करेगा। ‘स्पीडअप’ सेल सरकार और निजी क्षेत्र के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेगा, जिससे रोजगार के अवसरों में वृद्धि के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।
Also Click : Ballia : बलिया के निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों का हंगामा और पुलिस का बल प्रयोग
What's Your Reaction?









