Lucknow : डबल इंजन सरकार में प्रदेश का हो रहा चहुँमुखी विकास, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मिर्जापुर में SIR और योजनाओं की समीक्षा की
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने जनपद के चारों तरफ विकास, प्रशासनिक प्रक्रिया, जन समस्याओं के निपटारे और कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर जोर दिया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मिर्जापुर भ्रमण के दौरान अष्टभुजा निरीक्षण गृह सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने जनपद के चारों तरफ विकास, प्रशासनिक प्रक्रिया, जन समस्याओं के निपटारे और कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने SIR कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ गरीबों तक समय पर पहुंचे। हर घर नल से जल योजना को तेज करने का भी आदेश दिया।
कानून व्यवस्था पर चर्चा के दौरान कहा कि अवैध कब्जे वाली जमीनों और पोखरों पर सख्त कार्रवाई हो। महिलाओं से जुड़े अपराधों में दोषियों को कड़ी सजा दें, ताकि अपराध दोबारा न हों। मनरेगा श्रमिकों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करें। ग्राम पंचायतों के चैपालों में अधिकारी जन समस्याएं सुनें और तुरंत निपटारा करें। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं की समीक्षा में कहा कि कोई गरीब कच्चे मकान या झोपड़ी में न रहे। पूरी पारदर्शिता से चिन्हित कर आवास दें। विधवाओं और दिव्यांगों को प्राथमिकता मिले। जनप्रतिनिधियों से बात कर आवंटन और विकास कार्यों को नियमों के अनुसार पूरा करें।
उन्होंने NRLM समूह की महिलाओं को पोषाहार प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। छोटे प्लांट या यूनिट के लिए सोलर पैनल लगवाने में 90 प्रतिशत छूट का लाभ दें। अमृत सरोवरों की जानकारी ली। SIR प्रगति पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से न छूटे। पारदर्शिता से शुद्ध सूची तैयार करें। मृत, स्थानांतरित या अपात्र नाम हटाएं। घुसपैठिए को सूची में शामिल न होने दें। BLO या कर्मचारियों की समस्याओं का सम्मानजनक समाधान करें। लोकतंत्र मजबूत करने के लिए शुद्ध सूची जरूरी है।
तहसील, ब्लॉक, थाना जैसे विभागों में जनप्रतिनिधियों की बातें प्राथमिकता से सुनें। जायज कार्य तुरंत निपटाएं, अन्यथा कारण बताएं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि जनपद में SIR का 98.2 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष समय पर होगा। वरिष्ठ अधिकारी BLO से मिलकर उनकी समस्याएं सुलझा रहे हैं। गांवों और मोहल्लों में लोगों को फॉर्म भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अष्टभुजा निरीक्षण गृह में प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत में विकास कार्यों और SIR प्रगति पर जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी मंदिर जाकर दर्शन-पूजन किया और प्रदेश व देशवासियों के कल्याण की कामना की।
भ्रमण में बलेंदु मणि त्रिपाठी, हेमंत सिंह, नितिन विश्वकर्मा, उदय सिंह पटेल, अशोक सिंह पटेल, दुर्गेश पटेल, शंकर सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण सिंह, विधायक रत्नाकर मिश्र, रामांशकर सिंह पटेल, शुचिस्मिता मौर्या, बृज भूषण सिंह, इंजीनियर राम लौटन बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, विधायक अनिल कुमार मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, सरोज कुशवाहा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
Also Click : Special 26 देखकर लूटा सोना, दिल्ली पुलिस ने 1200 किमी पीछा कर 72 घंटों में गिरोह को दबोचा, प्लान जानकर सब हैरान
What's Your Reaction?











