Lucknow : उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन संपन्न, 3.34 लाख से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए परिषद द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षित प्रवेश व्यवस्था तथा तकनीकी सहायता टीमों की तैनाती के साथ अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु आवश्यक प्रबंध किए गए। परिषद मुख्यालय

Jun 10, 2026 - 00:02
 0  18
Lucknow : उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन संपन्न, 3.34 लाख से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल
Lucknow : उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन संपन्न, 3.34 लाख से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल

लखनऊ : संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (पॉलीटेक्निक), उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश के राजकीय, अनुदानित, पीपीपी मोड एवं निजी क्षेत्र की पॉलीटेक्निक संस्थाओं में विभिन्न डिप्लोमा तथा पोस्ट डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 का सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण आयोजन संपन्न हो गया है। यह परीक्षा 02 जून से 09 जून 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थापित परीक्षा केन्द्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) प्रणाली के माध्यम से आयोजित की गई।

प्रदेश की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में शामिल इस परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों को इंजीनियरिंग, फार्मेसी, प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, परिधान प्रौद्योगिकी, होटल प्रबंधन सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर प्राप्त होता है। परीक्षा का आयोजन पूर्णतः कंप्यूटर आधारित प्रणाली से किए जाने के कारण परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से सुदृढ़ रही।

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए परिषद द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षित प्रवेश व्यवस्था तथा तकनीकी सहायता टीमों की तैनाती के साथ अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु आवश्यक प्रबंध किए गए। परिषद मुख्यालय, लखनऊ से परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी की गई तथा किसी भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखा गया। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, केन्द्र व्यवस्थापकों तथा परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का सफल आयोजन संभव हो सका।

आंकड़ों के अनुसार इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित समूह-ए में 2,07,229 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,67,921 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। फार्मेसी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित समूह-ई1 एवं ई2 में 1,64,312 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,29,977 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष में प्रवेश (लेटरल एंट्री) हेतु आयोजित समूह-के1 से के8 में 35,680 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 25,663 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं समूह-बी, सी, डी, एफ, जी, एच, आई एवं एल के अंतर्गत विभिन्न विशिष्ट एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए 16,574 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 10,741 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए।

संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (पॉलीटेक्निक), उत्तर प्रदेश के सचिव ने परीक्षा में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों, उनके अभिभावकों, परीक्षा केन्द्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा परीक्षा आयोजन से जुड़े सभी हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

परिषद के अनुसार संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 का परिणाम 20 जून 2026 तक परिषद की वेबसाइट पर घोषित किया जाएगा। इसके उपरांत ऑनलाइन काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम पृथक रूप से जारी किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी समयबद्ध रूप से प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकें।

Also Click : Sitapur : मिश्रिख तहसील में सिविल कोर्ट शुरू करने की मांग, वकीलों ने मंत्रियों को दिया मांगपत्र

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow