Lucknow : यूपी बी.एड. प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी, अलीगढ़ की वंदना सिंह बनीं प्रदेश टॉपर

नकल रोकने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए इस बार परीक्षा में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बेहतरीन इस्तेमाल किया गया। एक बड़े कंट्रोल रूम के जरिए सभी केंद्रों की लाइव निगरानी की गई। इसके लिए 22 हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे और 5651 बायोमेट्रिक मशी

Jun 16, 2026 - 22:43
 0  3
Lucknow : यूपी बी.एड. प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी, अलीगढ़ की वंदना सिंह बनीं प्रदेश टॉपर
Lucknow : यूपी बी.एड. प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी, अलीगढ़ की वंदना सिंह बनीं प्रदेश टॉपर

उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, लखनऊ के पुस्तकालय भवन में संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस मौके पर उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पांडे, आरएमएल विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अमरपाल सिंह और प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एम.के. अग्रवाल भी मौजूद रहे। परिणाम जारी होने के बाद मंत्रियों और अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए टॉपर्स से बात की, उन्हें बधाई दी और उनके आगे के सपनों के बारे में जाना। उच्च शिक्षा मंत्री ने सभी पास होने वाले अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि माता-पिता के त्याग और गुरुओं के मार्गदर्शन से ही यह सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि समाज ने जो जिम्मेदारी दी है, उसका पूरी ईमानदारी और मेहनत से पालन करना ही देश सेवा है।

इस साल बी.एड. प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी को दी गई थी। परीक्षा दो पालियों में प्रदेश के 72 जिलों के 1011 केंद्रों पर पूरी कड़ाई और पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 4,44,958 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था, जिनमें महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा 2,72,659 थी। परीक्षा के दौरान लगभग 90 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सबसे अधिक 95 प्रतिशत उपस्थिति कासगंज और पीलीभीत में देखी गई, जबकि गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में सबसे कम 84 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा के दौरान गड़बड़ी करने की कोशिश करने वाले 4 अभ्यर्थियों को पकड़ा गया, जिनका परिणाम रद्द कर दिया गया है।

नकल रोकने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए इस बार परीक्षा में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बेहतरीन इस्तेमाल किया गया। एक बड़े कंट्रोल रूम के जरिए सभी केंद्रों की लाइव निगरानी की गई। इसके लिए 22 हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे और 5651 बायोमेट्रिक मशीनें लगाई गई थीं। अभ्यर्थियों की हाजिरी चेहरे की पहचान और फिंगरप्रिंट के जरिए रियल टाइम में की गई। उत्तर पुस्तिकाओं की दो बार स्कैनिंग करके पूरी शुचिता के साथ स्कोर तैयार किया गया। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने सफल छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपका ज्ञान और समर्पण आपको समाज में एक नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय की पूरी टीम की सराहना की।

इस परीक्षा में कुल 4,00,107 अभ्यर्थियों की रैंक जारी की गई है, जिसमें कला वर्ग के सबसे अधिक 2,48,452 अभ्यर्थी शामिल हैं। अगर टॉपर्स की बात करें, तो शीर्ष 10 में 4 पुरुष और 6 महिलाओं ने अपनी जगह बनाई है। अलीगढ़ की वंदना सिंह (विज्ञान वर्ग) ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर गौरव बढ़ाया है। अलीगढ़ के ही नितिन पचौरी (विज्ञान वर्ग) दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जौनपुर की मिश्रा खुशी अजय (विज्ञान वर्ग) ने तीसरा स्थान हासिल किया। परिणाम घोषित होने के अवसर पर राज्य समन्वयक प्रो. सौरव श्रीवास्तव, कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार और परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Also Click : Lucknow : लखनऊ में योग सप्ताह का शानदार आगाज, सभी जिलों में आयोजित होंगे कार्यक्रम और आयुष कवच ऐप पर होंगी ऑनलाइन प्रतियोगिताएं

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow