MP News: जिले में 301 जोड़ों का सामूहिक विवाह, अव्यवस्थाओं ने बिगाड़ी आयोजन की छवि। 

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हुआ आयोजन, धूप में पैदल पहुँचे अधिकांश दूल्हे,व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल,नही की गई आवश्यक व्यवस्थाएं...

Apr 25, 2025 - 18:45
40 Views
MP News: जिले में 301 जोड़ों का सामूहिक विवाह, अव्यवस्थाओं ने बिगाड़ी आयोजन की छवि। 

रिपोर्ट- शशांक सोनकपुरिया, बैतूल मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई जनपद की ग्राम पंचायत चंदौरा खुर्द में शुक्रवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 301 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ। यह आयोजन बड़े पैमाने पर किया गया था, लेकिन व्यवस्थाओं की कमी के कारण कई परेशानियाँ सामने आईं।

जहाँ एक ओर इसे भव्य आयोजन बताया गया, वहीं दूसरी ओर अव्यवस्था के चलते कई दूल्हों और बारातियों को परेशानी झेलनी पड़ी। आयोजन में आए 301 दूल्हों में से केवल एक को ही घोड़ी और छतरी नसीब हुई, बाकी दूल्हों को चिलचिलाती धूप में पैदल ही बारात लेकर विवाह मंडप तक जाना पड़ा।

पानी की भी व्यवस्था नहीं, बारातियों में नाराज़गी
दूल्हों और बारातियों के ठहरने के स्थान पर पीने के पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नाराज दूल्हों ने इस बात की शिकायत जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार से की।

Also Read- MP News: 13 करोड़ के घोटाले के साथ साथ और भी भ्रष्टाचार- चिचोली जनपद में कांग्रेसी जा रहे ईओडब्ल्यू में शिकायत करने, सेवादल हुआ भोपाल रवाना।

  • डांस कर संभाला माहौल, दिए अधिकारियों को निर्देश

मौके पर पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार ने कार्यक्रम में डांस कर माहौल को खुशनुमा बनाने की कोशिश की। साथ ही, मौजूद अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश भी दिए।

  • वधुओं को मिलेंगे 49 हजार रुपये के चेक, विभिन्न वर्गों से थे जोड़े

इस आयोजन में कुल 301 जोड़ों ने भाग लिया। इनमें 158 जोड़े ओबीसी वर्ग से, 6 सामान्य वर्ग से, 93 एसटी वर्ग से और 44 एससी वर्ग से शामिल हुए। सभी वधुओं को योजना के अंतर्गत ₹49,000 की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जनपद पंचायत सीईओ डीपी मेश्राम और क्लर्क एस झरबड़े ने व्यवस्थाएं संभालीं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow