Meerut News : सीएम योगी ने राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के पिता को दी श्रद्धांजलि, शास्त्रीनगर आवास पहुंचकर परिवार को बंधाया ढांढस
मेरठ दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के शास्त्रीनगर स्थित आवास पहुंचे और उनके दिवंगत पिता महेंद्र सिंह तोमर को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों को ढांढस बंधाया।
मेरठ: पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित समारोह में शिरकत करने शनिवार को मेरठ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर के शास्त्रीनगर स्थित आवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत पिता महेंद्र सिंह तोमर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय महेंद्र सिंह तोमर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने एक दिवसीय मेरठ दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने मेरठ कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित भव्य पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में प्रतिभाग किया और पूर्व सैनिकों तथा वीरांगनाओं को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस कार्यक्रम के समापन के उपरांत मुख्यमंत्री सीधे शास्त्रीनगर स्थित राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के सदस्यों के बीच बैठकर उनका हालचाल जाना।
परिवार के सभी सदस्यों से मिलकर जताई संवेदना
इस दुखद घड़ी में मुख्यमंत्री ने राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर की माता धनपाली, पत्नी अंजली तोमर तथा पुत्रों शिवांश और रुद्रांश तोमर से आत्मीयता के साथ भेंट की। इसके अलावा उन्होंने दिवंगत महेंद्र सिंह तोमर की चारों पुत्रियों सुभाष, राजबाला, संतोष और गीता तथा दामादों शीशपाल, सरदार सिंह, बीरपाल सिंह और धर्मेंद्र से भी मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। इस अवसर पर राज्यमंत्री के भाई नरेंद्र, भाभी सरोज बाला और सास ओमवती सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के पिता महेंद्र सिंह तोमर का हाल ही में 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। मुख्यमंत्री का इस कठिन समय में स्वयं आवास पर पहुंचना और परिवार के साथ समय बिताकर उन्हें संबल प्रदान करना शोक संतप्त परिजनों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और अपनत्व को दर्शाता है।
What's Your Reaction?

