UP Education & Army News: यूपी के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी वीरों की गौरवगाथा, सीएम योगी ने मेरठ में किया 'शौर्य गाथा' पुस्तक का विमोचन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में 'शौर्य गाथा' पुस्तक का विमोचन किया। 348 पृष्ठों की इस पुस्तक में यूपी के 7 अशोक चक्र, 30 कीर्ति चक्र और 133 शौर्य चक्र विजेताओं की वीरता दर्ज है, जिसे सभी स्कूलों में पहुंचाया जाएगा।

By INA News Desk
Nov 15, 2026 - 22:55
7 Views
UP Education & Army News: यूपी के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी वीरों की गौरवगाथा, सीएम योगी ने मेरठ में किया 'शौर्य गाथा' पुस्तक का विमोचन
Advertisement
Advertisement

मेरठ: जिन वीर जवानों के अदम्य साहस ने देश की सीमाओं की रक्षा की, जिनके पराक्रम ने दुश्मनों के नापाक मंसूबों को ध्वस्त किया और जिनके सर्वोच्च बलिदान ने राष्ट्र की अस्मिता को अक्षुण्ण रखा, अब उनकी गौरवगाथा उत्तर प्रदेश के स्कूली बच्चों के पाठ्यक्रम और ज्ञान का हिस्सा बनेगी। शनिवार को मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘शौर्य गाथा’ नामक एक विशेष पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि इस पुस्तक को प्रदेश के सभी स्कूलों और पुस्तकालयों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास, जवानों के त्याग और बलिदान से सीधे तौर पर परिचित हो सके।

सात अशोक चक्र, 30 कीर्ति चक्र और 133 शौर्य चक्र विजेताओं की वीरता का संकलन

सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रकाशित 348 पृष्ठों की यह पुस्तक प्रदेश के उन वीर सपूतों के अद्वितीय शौर्य का जीवंत दस्तावेज है, जिन्होंने भारतीय सशस्त्र सेनाओं में सेवाएं देते हुए असाधारण वीरता और समर्पण का परिचय दिया। इसमें शांतिकाल के दौरान वीरता पुरस्कारों से अलंकृत उत्तर प्रदेश के सैनिकों की बहादुरी की कहानियां संकलित की गई हैं। पुस्तक में राज्य के सात अशोक चक्र, 30 कीर्ति चक्र और 133 शौर्य चक्र विजेताओं के पराक्रम और साहस का विस्तृत वर्णन है।

सात अध्यायों में दर्ज है ऑपरेशन सिंदूर से लेकर ऑपरेशन पराक्रम तक का इतिहास

‘शौर्य गाथा’ पुस्तक को सात सुव्यवस्थित अध्यायों में विभाजित किया गया है। इसकी शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरक संदेशों के साथ होती है। प्रारंभिक अध्यायों में उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा स्वतंत्रता से पूर्व और बाद में दिए जाने वाले विभिन्न वीरता पदकों की सरल जानकारी दी गई है।

पुस्तक का तीसरा अध्याय भारतीय सेना के प्रमुख सैन्य अभियानों पर केंद्रित है, जिसमें 'ऑपरेशन सिंदूर' से लेकर 'ऑपरेशन पोलो', 'ऑपरेशन विजय', 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' और 'ऑपरेशन पराक्रम' तक में जवानों की रणनीतिक भूमिका और अदम्य साहस को शब्दों में पिरोया गया है।

अपने जिले के वीर सपूतों की कहानियां जान सकेंगे विद्यार्थी

इस पुस्तक की एक सबसे बड़ी विशेषता इसका अंतिम हिस्सा है, जिसमें अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र विजेताओं की जिलेवार सूची प्रकाशित की गई है। इसके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जनपदों के छात्र-छात्राएं और पाठक अपने ही क्षेत्र और जिले के उन वीर सैनिकों के बारे में जान सकेंगे, जिन्होंने देश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री की इस पहल से यह पुस्तक केवल एक प्रकाशन तक सीमित न रहकर युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के संस्कार जागृत करने का सशक्त माध्यम बनेगी।

Also Read : Children's Day Special UP: योगी सरकार में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को मिली नई मजबूती, 1.33 लाख स्कूलों में 1.42 करोड़ बच्चों ने मनाया बाल दिवस

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement