Aligarh News : राज्यमंत्री संदीप सिंह और सौरभ सिंह के तिलक उत्सव में पहुंचे सीएम योगी , दोनों भाइयों को दिया आशीर्वाद, बाबूजी कल्याण सिंह को किया याद

अलीगढ़ के रामघाट रोड स्थित कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यमंत्री संदीप सिंह और सौरभ सिंह के तिलक उत्सव में शामिल होकर दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया।

By INA News Desk
Nov 15, 2026 - 22:59
7 Views
Aligarh News : राज्यमंत्री संदीप सिंह और सौरभ सिंह के तिलक उत्सव में पहुंचे सीएम योगी , दोनों भाइयों को दिया आशीर्वाद, बाबूजी कल्याण सिंह को किया याद
Advertisement
Advertisement

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह 'बाबूजी' के सुपौत्र और प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह तथा उनके छोटे भाई सौरभ सिंह के तिलक एवं सगाई उत्सव में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए।

मुख्यमंत्री शाम करीब 3:45 बजे हापुड़ से हेलीकॉप्टर के जरिए अलीगढ़ पहुंचे और रामघाट रोड स्थित भव्य कार्यक्रम स्थल पर शिरकत कर दोनों भाइयों को सुखद वैवाहिक जीवन व उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्रदान किया।

बांके बिहारी और 'बाबूजी' का आशीर्वाद सदैव बना रहे: सीएम योगी

शाम करीब 4:17 बजे मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जय श्रीराम’ और ‘नमो पार्वती पतये, हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ उपस्थित जनसमूह का अभिवादन किया।

लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी दोनों भाइयों को अपना आशीर्वाद दें, ताकि उनका भावी जीवन मंगलमय और उज्ज्वल हो। उन्होंने कामना की कि भगवान बांके बिहारी की कृपा और उनके दादा हिंदू हृदय सम्राट स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ का आशीर्वाद सदैव दोनों भाइयों पर बना रहे।

मुख्यमंत्री के हल्के-फुल्के अंदाज पर समारोह में लगे ठहाके

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद आत्मीय और हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आए। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजवीर सिंह 'राजू भैया' ने अपनी पत्नी के दबाव में आप सभी को यह न्योता दिया है और आप सभी के आने के बहाने हम लोगों को भी इस शानदार दावत में शामिल होने का अवसर मिल गया।

मुख्यमंत्री की इस सहज टिप्पणी पर मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ ही पंडाल में बैठे लोग भी खिलखिलाकर हंस पड़े। उन्होंने आगे कहा कि संदीप सिंह सरकार में मंत्री हैं और उन्होंने इस मांगलिक आयोजन के लिए पहले ही आमंत्रित कर लिया था।

बाबूजी के परिवार के प्रति जनता का असीम स्नेह

कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी भारी भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लगा था कि शाम ढलने तक आगंतुकों की संख्या कुछ कम हो जाएगी, लेकिन यहां तो आशीर्वाद देने वालों का तांता लगातार बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने इसे स्वर्गीय कल्याण सिंह के परिवार के प्रति जनता का असीम स्नेह बताया और सभी का आभार जताया।

अलीगढ़ में करीब 45 मिनट रुकने के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर उनके साथ कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री संदीप सिंह, पूर्व सांसद राजवीर सिंह, विधायक अनिल पाराशर और राजकुमार सहयोगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Also Read : Meerut News : सीएम योगी ने राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के पिता को दी श्रद्धांजलि, शास्त्रीनगर आवास पहुंचकर परिवार को बंधाया ढांढस

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement