Deoband Police Action: देवबंद पुलिस का वारंटियों पर कड़ा शिकंजा, धमकी, आर्म्स एक्ट और चोरी के मामलों में फरार पांच अभियुक्त गिरफ्तार
देवबंद पुलिस ने वांछित व वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ अभियान चलाकर गैर-जमानती वारंट में फरार पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी आर्म्स एक्ट, चोरी, मारपीट व विद्युत अधिनियम के मामलों में वांछित थे।
देवबंद: जनपद में अपराधों की रोकथाम तथा वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवबंद कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने अलग-अलग मुकदमों में लंबे समय से फरार चल रहे पांच वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन सभी आरोपियों के खिलाफ माननीय न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किए गए थे। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इन पांच वारंटी अभियुक्तों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में अमित कुमार पुत्र राजकुमार (निवासी ग्राम हाशिमपुरा), शाहजाद पुत्र अख्तर (निवासी मोहल्ला कायस्थवाड़ा), आजम पुत्र नवी (निवासी ग्राम गोपाली), फैसल पुत्र रहमत (निवासी मोहल्ला पठानपुरा) तथा धर्मसिंह उर्फ धर्म पुत्र जगराम (निवासी ग्राम मोहिद्दीनपुर) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इन अभियुक्तों के खिलाफ धमकी देने, आर्म्स एक्ट, विद्युत अधिनियम, चोरी और मारपीट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे और वे न्यायालय की तारीखों से लगातार गैरहाजिर चल रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (SP Rural) और क्षेत्राधिकारी देवबंद के कुशल पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान के नेतृत्व में अंजाम दी गई। वारंटियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, बंटी सिंह, सौरभ राठौर और रौविल्स कुमार सहित अन्य मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल रहे।
What's Your Reaction?

