Meerut Air Show: सूर्यकिरण के 9 हॉक विमानों ने आसमान में उकेरा तिरंगा, शौर्य देख गूंजा 'जय हिंद'
मेरठ में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाए। 9 हॉक विमानों ने तिरंगा बनाकर दर्शकों में देशभक्ति का जोश भर दिया।
मेरठ। क्रांतिधरा मेरठ का आसमान रविवार की सुबह भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलटों के पराक्रम और अदम्य साहस का साक्षी बना। सेवा संकल्प अभियान के तहत न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में आयोजित दो दिवसीय एयर शो के दूसरे दिन भारतीय वायुसेना की विख्यात 'सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम' (SKAT) ने 30 मिनट तक ऐसा रोमांचक हवाई प्रदर्शन प्रस्तुत किया कि उपस्थित हजारों दर्शकों की निगाहें आसमान पर ही टिकी रह गईं। हिंडन एयरबेस से उड़ान भरकर पहुंचे नौ हॉक एमके-132 विमानों ने जब एक साथ गर्जना की, तो पूरा क्षेत्र भारत माता की जय और जय हिंद के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
विमानों ने हवा में गोता लगाते हुए, तीव्र गति से दिशा बदलते हुए और सटीक तालमेल के साथ कई हैरतअंगेज करतब दिखाए। शो के सबसे भावुक और गौरवशाली क्षण में विमानों ने अपने विशेष धुएं के जरिए नीले गगन पर तिरंगे की विशाल आकृति उकेर दी। लगभग 100 फीट की ऊंचाई पर विमानों द्वारा हवा में दिल की संरचना बनाना और फिर उसे भेदते हुए निकलना दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा।
पांच मीटर के फासले पर आमने-सामने से निकले विमान
प्रदर्शन के दौरान पायलटों के अनुशासन और विमान संचालन की सर्वोच्च तकनीक देखने को मिली। कई मौकों पर दो विमान एक-दूसरे के बेहद करीब आए और मात्र पांच मीटर की दूरी से आमने-सामने क्रॉस कर गए। जिस गति और संतुलन के साथ यह करतब अंजाम दिया गया, उसे देखकर मैदान में मौजूद हर व्यक्ति स्तब्ध रह गया। अचानक नीचे की ओर तेजी से उतरना और फिर गुरुत्वाकर्षण को चुनौती देते हुए सीधी ऊंचाई छू लेना, सूर्यकिरण के पायलटों की विश्वस्तरीय ट्रेनिंग का प्रमाण था।
मैदान में जुटे बच्चों और युवाओं में इस रोमांच को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह देखा गया। लोग अपने मोबाइल कैमरों में इन ऐतिहासिक पलों को कैद करते रहे। कई युवाओं ने कहा कि टीवी स्क्रीन पर विमान देखना और साक्षात अपने सिर के ऊपर ध्वनि की गति से उड़ते फाइटर जेट्स को महसूस करना बिल्कुल अलग अनुभव है। इस प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय रक्षा बलों के प्रति अगाध सम्मान और वायुसेना में शामिल होने की नई प्रेरणा दी है।
तीन दशक से देश का मान बढ़ा रही सूर्यकिरण: रक्षा राज्य मंत्री
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम पिछले करीब तीन दशकों से देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में भारतीय वायुसेना की तकनीकी दक्षता और सामरिक शक्ति का डंका बजा रही है। उन्होंने कहा कि यह महज मनोरंजन या कौतूहल का विषय नहीं है, बल्कि इसके पीछे कठोर अभ्यास, अटूट धैर्य और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण छिपा है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी अनुशासित जीवन जीने और देश सेवा के लिए सेना की ओर आकर्षित होती है।
कार्यक्रम में उपस्थित राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि सीमा पर तैनात जांबाज कठिन परिस्थितियों में मां भारती की रक्षा करते हैं और उनके इस शौर्य की झलक जब आम नागरिकों के सामने आती है, तो राष्ट्रीय स्वाभिमान कई गुना बढ़ जाता है। वहीं राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेरठ की ऐतिहासिक धरती ने हमेशा आजादी और देश की संप्रभुता के लिए प्रेरणा दी है। आधुनिक भारत के निर्माण में सेना का अनुशासन युवाओं के लिए सबसे बड़ा आदर्श है।
गृह जनपद के तीन पायलटों ने बढ़ाया मेरठ का गौरव
इस एयर शो की सबसे अनूठी और स्थानीय नागरिकों को गर्व से भर देने वाली बात यह रही कि सूर्यकिरण दल में मेरठ के तीन लाल शामिल रहे। स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल और स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह ने आसमान में हॉक विमानों की कमान संभालते हुए साहसिक करतब दिखाए। वहीं, स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल ने मैदान पर रहकर पूरे एयर शो के समन्वयन और तकनीकी ग्राउंड कंट्रोल की बागडोर संभाली। जैसे ही उद्घोषक ने मंच से इस बात की घोषणा की कि विमान उड़ा रहे पायलटों की जड़ें मेरठ से जुड़ी हैं, पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
भारी भीड़ से दो किलोमीटर तक लगा लंबा जाम
रविवार की छुट्टी और एयर शो का अंतिम दिन होने के कारण शनिवार की अपेक्षा कहीं अधिक भीड़ कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। शहर के विभिन्न हिस्सों और आसपास के ग्रामीण इलाकों से सुबह आठ बजे से ही लोगों का न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप की ओर पहुंचना शुरू हो गया था।
प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा और यातायात के विशेष प्रबंधों के बावजूद, शो समाप्त होते ही हजारों वाहनों के एक साथ निकलने से मुख्य संपर्क मार्गों पर भीषण दबाव बन गया। कार्यक्रम स्थल से जोड़ने वाली सड़कों पर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि यातायात को सुचारू कराने के लिए पुलिस अधिकारी मशक्कत करते दिखे, लेकिन जाम में फंसे होने के बावजूद लोगों के चेहरों पर एयर शो की अद्भुत यादों की चमक साफ नजर आ रही थी।
कार्यक्रम के दौरान विधानपरिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी और हजारों नागरिक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?







