Mussoorie : मसूरी में ऑपरेशन लगाम पर विवाद, व्यापारियों और भाजपा ने पुलिस पर वसूली का आरोप लगाया
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हाल ही में एक स्थानीय युवक को हेलमेट न पहनने पर 3500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और उसकी स्कूटी जब्त कर ली गई। युव
मसूरी में पुलिस के ऑपरेशन लगाम के तहत हो रही सख्त कार्रवाई अब विवादों में फंस गई है। स्थानीय व्यापारी, भाजपा मंडल और सामाजिक संगठनों ने इसे लोगों के उत्पीड़न का नाम देते हुए पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा और राधा कृष्ण मंदिर समिति के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मसूरी कोतवाली पहुंचा। उन्होंने कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान से मिलकर पुलिसकर्मियों द्वारा होने वाली कथित अभद्रता, अवैध वसूली और मनमानी चालान की शिकायत दर्ज कराई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हाल ही में एक स्थानीय युवक को हेलमेट न पहनने पर 3500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और उसकी स्कूटी जब्त कर ली गई। युवक ने रेसिंग या कोई बड़ा नियम तोड़ा नहीं था। व्यापारियों का कहना है कि ऐसी कठोर कार्रवाई नियमों के खिलाफ है और पर्यटन नगरी की छवि को नुकसान पहुंचा रही है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि मसूरी पहले ही आपदा से आर्थिक रूप से प्रभावित है। पुलिस का यह रवैया स्थानीय लोगों और व्यापारियों को परेशान कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द अवैध वसूली करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कोतवाली के बाहर स्थानीय लोगों के साथ धरना प्रदर्शन करेंगे। व्यापारियों ने एक कांस्टेबल और एसआई पर सीधे पैसे वसूलने और डराने-धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले भी कई शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे पूरे विभाग की छवि खराब हो रही है।
मसूरी कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि अगर किसी पुलिसकर्मी ने बेवजह परेशान किया या वसूली की, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन लगाम पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चलाया जा रहा है, न कि लोगों को तंग करने के लिए। गलत होने पर पूरी जांच होगी। कोतवाल ने कहा कि उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि मसूरी पर्यटन स्थल है, इसलिए व्यवहार में विनम्रता बरतें।
उन्होंने बताया कि त्योहारों और पर्यटक सीजन को देखते हुए मसूरी बाजार, लंढौर और माल रोड जैसे क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस तैनात की जाएगी। सड़क किनारे अतिक्रमण के खिलाफ भी जल्द अभियान चलेगा। कोतवाल ने लोगों से सहयोग की अपील की कि कानून तोड़ने वालों पर सख्ती होगी, लेकिन बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा।
Also Click : ग्वालियर में बीएन राव की 35 फुट ऊंची मूर्ति लगेगी, अनिल मिश्रा ने किया भूमि पूजन
What's Your Reaction?











