Sambhal: सम्भल में किदवई बिरादरी की नई पहल, 45 युवाओं की गठित टीम से समाज सुधार की शुरुआत।
किदवई बिरादरी में सामाजिक एकता, अनुशासन और जिम्मेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से एक नई युवा पंचायत कमेटी का गठन
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: किदवई बिरादरी में सामाजिक एकता, अनुशासन और जिम्मेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से एक नई युवा पंचायत कमेटी का गठन किया गया है। इस पंचायत में 40 से 45 ऐसे जिम्मेदार युवाओं को शामिल किया गया है, जो अपने-अपने परिवारों और कुनबों में पंचायत के फैसलों को लागू कराने की भूमिका निभाएंगे। पंचायत के गठन को बिरादरी के भीतर एक बड़े सुधारात्मक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
किदवई बिरादरी से जुड़े शादाब वारसी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत द्वारा 6 महत्वपूर्ण नियम बनाए गए हैं। इन नियमों को तय करते समय खास तौर पर गरीब और मजदूर तबके के लोगों को ध्यान में रखा गया है, ताकि उन पर किसी तरह का अनावश्यक सामाजिक या आर्थिक दबाव न पड़े। पंचायत का मकसद समाज में फैली अव्यवस्थाओं को दूर कर एक संतुलित और संगठित ढांचा खड़ा करना है। नई युवा टीम में सम्भल की कई बस्तियों से युवाओं को जोड़ा गया है। इनमें प्रमुख रूप से सैफ खां सराय, सरायतरीन, चौधरी सराय, बेगम सराय, सिरसी और नूरीयो सराय आदि शामिल हैं। पंचायत के अनुसार, सबसे अधिक सदस्य सैफ खां सराय से लिए गए हैं, क्योंकि इस क्षेत्र में किदवई बिरादरी की जनसंख्या सबसे ज्यादा है। शादाब वारसी ने बताया कि पंचायत की बैठकों की सूचना न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि बाहर के जिलों तक भी भेजी जाती है। हर पंचायत से पहले एक एजेंडा जारी किया जाता है, जिसमें तारीख, समय और स्थान तय रहता है। इसी के आधार पर सभी जिम्मेदार लोग एकत्र होकर फैसले लेते हैं। पंचायत को लेकर विरोध के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि फिलहाल किसी तरह का विरोध नहीं है। भविष्य में यदि कोई आपत्ति सामने आती है, तो उस पर पंचायत बैठकर विचार करेगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कुल मिलाकर, किदवई बिरादरी की यह नई युवा पंचायत समाज को एक नई दिशा देने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
What's Your Reaction?











