Hardoi: वेतन भुगतान न होने पर एनएचएम संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार, इमरजेंसी सेवाएं रहीं जारी। 

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (एनएचएम) से संबद्ध भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर गुरुवार को जनपद

May 21, 2026 - 14:59
85 Views
Hardoi: वेतन भुगतान न होने पर एनएचएम संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार, इमरजेंसी सेवाएं रहीं जारी। 
वेतन भुगतान न होने पर एनएचएम संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार, इमरजेंसी सेवाएं रहीं जारी।

हरदोई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (एनएचएम) से संबद्ध भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर गुरुवार को जनपद भर में संविदा कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं पूर्व की भांति सुचारू रूप से संचालित होती रहीं।

एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी कार्य बंद कर दिए, जिससे जिला मुख्यालय सहित सभी सीएचसी और पीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। कर्मचारियों का कहना है कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पहले 18 से 20 मई तक काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक लंबित वेतन भुगतान नहीं किया गया।

कर्मचारियों ने बताया कि मार्च और अप्रैल माह का मानदेय अभी तक नहीं मिला है, जबकि मई माह भी लगभग समाप्ति की ओर है। ऐसे में लगातार तीसरे महीने वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। कार्य बहिष्कार के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी सीएचसी और पीएचसी परिसरों में एकत्र होकर शासन-प्रशासन से शीघ्र मानदेय भुगतान की मांग करते रहे।

इस संबंध में सीएमओ डॉ. भावनाथ पाण्डेय ने संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बताया कि बजट प्राप्त हो चुका है और कर्मचारियों की मैपिंग कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से स्पष्ट गाइडलाइन मिलने के बाद ही संबंधित मद में वेतन भुगतान संभव हो सकेगा। जैसे ही दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार भुगतान प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष डॉ. जावेद खान, भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष अनुग्रह शक्ति भारद्वाज, महिला संगठन मंत्री साधना, जिला उपाध्यक्ष रफी, डॉ. अंशुल ओमर, सफी, नीरज, डॉ. सीबी सिंह, डॉ. नौशाद तैय्यब, अनुराग ओमर, गंगेश, अमित समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे

Also Read- Hardoi : जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित, समस्याओं के जल्द निपटारे के निर्देश

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow