Noida Airport News: मूसलाधार बारिश के बाद नोएडा एयरपोर्ट परिसर में जलभराव, 30 मिनट में स्थिति सामान्य
जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बारिश के बाद अस्थायी जलभराव हुआ। एयरपोर्ट टीम ने तत्परता दिखाते हुए 30 मिनट में जल निकासी कराकर मार्ग सुचारु किया।
जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर में तेज बारिश के चलते टर्मिनल और पार्किंग क्षेत्र को जोड़ने वाले मार्ग पर अचानक जलभराव हो गया। कम समय में हुई अत्यधिक वर्षा के कारण कुछ देर के लिए आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए मात्र आधे घंटे के भीतर जल निकासी का काम पूरा कर स्थिति को सामान्य बना दिया।
नोएडा एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार, अचानक हुई मूसलाधार बारिश की वजह से टर्मिनल से पार्किंग की ओर जाने वाले रास्ते पर पानी इकट्ठा हो गया था। सूचना मिलते ही ग्राउंड टीमों को तुरंत जल निकासी के काम में लगाया गया। त्वरित तकनीकी और मैदानी प्रयास के बल पर 30 मिनट के भीतर जमा पानी को पूरी तरह निकाल दिया गया, जिसके बाद यात्रियों का आवागमन सामान्य रूप से शुरू हो सका।
एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटनाक्रम से उड़ानों के संचालन और यात्रियों की आवाजाही पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ा है। हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन और यात्रियों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी रही।
मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए एयरपोर्ट संचालन से जुड़ी टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति पैदा होने पर तुरंत राहत कदम उठाए जा सकें।
Also Click : Hardoi News: लापरवाही पर कोतवाल समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, दो नए थाना प्रभारियों को मिली नई तैनाती
What's Your Reaction?



