Jewar News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जलभराव का विधायक धीरेन्द्र सिंह ने किया निरीक्षण, दिए स्थायी निर्देश
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जलभराव का विधायक धीरेन्द्र सिंह ने जायजा लिया। अधिकारियों को पानी की निकासी का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पार्किंग के समीप बरसात के बाद उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लेने क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक और संबंधित तकनीकी अधिकारियों को जल निकासी प्रणाली की गहराई से समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
मौके पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व बुनियादी ढांचे के विकास की अनदेखी कर विपक्ष कुछ समय के जलभराव पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर आज विश्वस्तरीय हवाई अड्डा, आधुनिक चौड़ी सड़कें, वृहद औद्योगिक निवेश और रोजगार के हजारों अवसर निर्मित हो रहे हैं, वहां केवल कमियां खोजना विकास कार्यों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है।
विधायक ने कहा कि एक समय में यह पूरा क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से दूर समझा जाता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह पूरे उत्तर प्रदेश के आर्थिक व औद्योगिक परिवर्तन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिनके दौर में यह अंतरराष्ट्रीय परियोजना केवल फाइलों और चर्चाओं तक सीमित रही, वे आज थोड़ी सी बारिश के पानी पर बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की तकनीकी खामी या जलभराव की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। कमियों को समय रहते दुरुस्त कराया जा रहा है और ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि क्षेत्र में जनहित के बुनियादी और दूरगामी विकास कार्य बिना रुके निरंतर जारी रहेंगे।
Also Click : Kanwar Yatra 2026: 85 साल के बुजुर्ग चंदर ने 250 किमी पैदल चलकर उठाई कांवड़, भक्ति की मिसाल
What's Your Reaction?



