Sant Kabir Nagar News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टॉलों का किया निरीक्षण, लाभार्थियों को बांटे चेक और लैपटॉप
संतकबीरनगर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास प्रदर्शनी का मुआयना किया। उन्होंने बच्चों को दुलारा और कई योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया।
संतकबीरनगर जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी और स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। मंच पर पहुंचने से पूर्व उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चाबी, लैपटॉप और आर्थिक सहायता के चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रदर्शनी स्थल पर मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति, कृषि विभाग और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान महापुरुषों का रूप धरे नन्हे बच्चों से उन्होंने आत्मीयता से बातचीत की, उनकी पढ़ाई-लिखाई के संबंध में पूछा और स्नेह जताते हुए उन्हें चॉकलेट भेंट की।
जनहित की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मंच से कई लाभार्थियों को सीधे लाभ पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत चंदन कुमार को 3 लाख रुपये का सहायता चेक प्रदान किया गया। वहीं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत कमलाकांत को लैपटॉप सौंपा गया। कृषि यंत्रों की खरीद के प्रोत्साहन हेतु सर्वेश कुमार को 5 लाख रुपये का चेक दिया गया।
ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तीकरण को गति देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत वसुंधरा को 7.18 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का चेक और 352 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी इंगलावती को 1.05 करोड़ रुपये से अधिक का चेक प्रदान किया गया। सरकार की इन कल्याणकारी योजनाओं से स्थानीय युवाओं, किसानों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में संबल मिलेगा।
Also Click : Hardoi News: लापरवाही पर कोतवाल समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, दो नए थाना प्रभारियों को मिली नई तैनाती
What's Your Reaction?



