Hardoi: हरदोई में सर्वोदय प्रभात पार्टी का संगठन विस्तार तेज, किशन अग्निहोत्री बने जिलाध्यक्ष।
सर्वोदय प्रभात पार्टी ने अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हरदोई जिले में नई नियुक्तियों की घोषणा
हरदोई: सर्वोदय प्रभात पार्टी ने अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हरदोई जिले में नई नियुक्तियों की घोषणा की है। आयोजित बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने किशन अग्निहोत्री को हरदोई का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया।
इस अवसर पर पंकज गुप्ता ने कहा कि पार्टी “सर्वोदय से राष्ट्रोदय” की विचारधारा के साथ आगे बढ़ रही है और उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने हरदोई को संगठन विस्तार का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हाल ही में एक निजी स्कूल की प्रिंसिपल से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं हरदोई की छवि को धूमिल करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निजी स्कूलों में गरीबों का शोषण हो रहा है, जिसे पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष किशन अग्निहोत्री ने भी स्कूल प्रकरण की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वे हर प्रकार के शोषण के खिलाफ मजबूती से खड़े रहेंगे और न्याय के लिए संघर्ष करेंगे। बैठक में अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई, जिनमें जिला उपाध्यक्ष शोभित सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रियांशु सिंह, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मोहित सिंह और जिला महामंत्री राकेश सिंह शामिल हैं। इसके अलावा प्रदीप अवस्थी, मुकेश वाजपेयी, ज्ञानेंद्र तिवारी और मुकेश गुप्ता ने ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
What's Your Reaction?









