Pilibhit: पीलीभीत में उधार देने से इनकार पर दुकानदार पर बेलचे से हमला, इलाज के दौरान मौत
जनपद के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक परचून दुकानदार को उधार मना करने पर पड़ोसी आरोपियों ने बेलचे द्वारा
कुँवर निर्भय सिंह ,आईएनए पीलीभीत
जनपद के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक परचून दुकानदार को उधार मना करने पर पड़ोसी आरोपियों ने बेलचे द्वारा हमला कर गंभीर रूप घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया जहां इलाज के दौरान दुकानदार की मौत हो गई।परिजनों की तहरीर के आधार पर नामित आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत।
जनपद के बरखेड़ा थाना पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2026 को समय करीब 9 बजे थाना बरखेड़ा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सुनील कुमार उर्फ भोला पुत्र महेन्द्र पाल गंगवार, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी ग्राम नरायनपुर, थाना बरखेड़ा, जनपद पीलीभीत द्वारा गांव के ही श्रीपाल गुप्ता पुत्र होरीलाल गुप्ता, उम्र करीब 70 वर्ष पर बेलचे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है।
सूचना पर थाना बरखेड़ा पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल श्रीपाल गुप्ता को उपचार हेतु सीएचसी बरखेड़ा भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत उन्हें हायर सेंटर, जनपद बरेली रेफर किया गया। बरेली में उपचार के दौरान श्रीपाल गुप्ता की मृत्यु हो गई।
पुलिस अधीक्षक पीलीभीत सुकीर्ति माधव द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। पंचायतनामा एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बरखेड़ा पर मु0अ0सं0 313/2026 धारा 103(1) BNS के अंतर्गत अभियुक्त
सुनील कुमार उर्फ भोला, उम्र 24 वर्ष, पुत्र महेन्द्रपाल गंगवार,सुशील, उम्र 20 वर्ष, पुत्र महेन्द्रपाल गंगवार एवं महेन्द्रपाल गंगवार
समस्त निवासीगण ग्राम नरायनपुर, थाना बरखेड़ा, जनपद पीलीभीत के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मृतक श्रीपाल गुप्ता अपने गांव में ही घर पर किराना की दुकान चलाते थे। दिनांक 18 अगस्त 2026 को समय करीब 9 बजे गांव का पड़ोसी सुनील गंगवार उनकी दुकान पर कुछ सामान उधार लेने आया था। श्रीपाल गुप्ता द्वारा उधार सामान देने से मना करने पर दोनों के मध्य कहासुनी हो गई। इसके बाद सुनील अपने घर से बेलचा लेकर अपने भाई सुशील एवं पिता महेन्द्र पाल के साथ वापस आया तथा श्रीपाल गुप्ता पर बेलचे से वार कर दिया। वार श्रीपाल गुप्ता की जांघ के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए तथा उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।तीनों नामजद अभियुक्त सुनील कुमार उर्फ भोला, सुशील एवं महेन्द्र पाल गंगवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
What's Your Reaction?