Hathras: राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, गुणवत्ता से समझौता नहीं।

कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से संबंधित संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में

Nov 19, 2025 - 12:21
40 Views
Hathras: राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, गुणवत्ता से समझौता नहीं।
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक लेते  जिलाधिकारी अतुल वत्स
हाथरस। कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से संबंधित संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्गों—मथुरा-बरेली एनएच-530बी पैकेज-2 और आगरा-अलीगढ़ चार लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे 509—की प्रगति, गुणवत्ता, समयबद्धता, भूमि अधिग्रहण, धनराशि आवंटन और भुगतान की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सदस्यों को निर्देश दिए कि न्यू आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर पड़ने वाले गांवों की सूची किसान का नाम व गाटा संख्या सहित तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही भूमि अधिग्रहण के बाद भुगतान होते ही मौके पर पिलर लगाने को कहा, ताकि आगे कोई विवाद न उत्पन्न हो।
उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भूमि अधिग्रहण के बाद पत्थर (पिलर) लगाए जा चुके हैं और जहां नहीं लगाए गए हैं, उन स्थानों के फोटोग्राफ उपलब्ध कराए जाएं। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि किसानों को भुगतान में किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में ही पूर्ण कराए जाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के प्रभारी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow