Hardoi: पूर्णकालिक जीवन से लौटे ऋषभ कात्यायन, भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज।
ABVP में 13 साल का लंबा सफर पूरा, कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाने के बाद व्यक्तिगत जीवन में वापसी
पाली (हरदोई)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सक्रिय और लंबे समय तक पूर्णकालिक कार्यकर्ता रहे ऋषभ कात्यायन ने संगठन में अपने 13 वर्षों के कार्यकाल के बाद अब व्यक्तिगत जीवन में लौटने की घोषणा कर दी है। उनकी इस वापसी के साथ ही उनके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
ऋषभ कात्यायन वर्ष 2013 से परिषद से जुड़े रहे और उन्होंने संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। प्रारंभिक दौर में उन्होंने पाली नगर मंत्री, सवायजपुर तहसील संयोजक और हरदोई जिला संयोजक जैसे पदों पर कार्य किया। इसके बाद वे सीतापुर और लखीमपुर विभाग के विभाग संयोजक भी रहे।
वर्ष 2022 में उन्होंने व्यक्तिगत जीवन को त्यागकर परिषद के पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में कार्यभार संभाला। इस दौरान उन्होंने लखनऊ पश्चिम और सीतापुर में जिला संगठन मंत्री तथा बाद में अंबेडकरनगर विभाग के विभाग संगठन मंत्री के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं। बीते रविवार को संडिला में आयोजित प्रांत समीक्षा एवं योजना बैठक के दौरान उन्होंने पूर्णकालिक जीवन से वापसी की घोषणा की। उनके इस निर्णय के बाद सोशल मीडिया पर समर्थकों और युवाओं के बीच खुशी की लहर देखी जा रही है।
हरदोई में जिला संयोजक रहते हुए ऋषभ कात्यायन ने छात्र हितों से जुड़े कई मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई। कृषि महाविद्यालय के संचालन को लेकर हुए आंदोलनों में उन्होंने नेतृत्व किया। हाल ही में लखनऊ स्थित राम स्वरूप विश्वविद्यालय में परिषद कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के बाद हुए आंदोलन में भी वे प्रमुख रूप से सामने आए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास के पास पुलिस के साथ हुई झड़प का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ, जिसे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी साझा किया था।
ऋषभ कात्यायन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघ शिक्षा वर्ग (प्रथम वर्ष) के प्रशिक्षित स्वयंसेवक भी हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता को देखते हुए भविष्य में उनकी भाजपा में एंट्री संभव है, हालांकि इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?


