सहारनपुर के तकिया विवाद में सियासत तेज, सांसद इमरान मसूद ने एसएसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग
सहारनपुर के तकिया मोहल्ले में हुए विवाद को लेकर सांसद इमरान मसूद ने एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की। विधायक राजीव गुम्बर ने भी कार्रवाई की बात कही।
सहारनपुर। जनकपुरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला तकिया में हुए विवाद के बाद जिले में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सांसद इमरान मसूद पीड़ित परिवार के सदस्यों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले में पारदर्शी जांच तथा दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनके साथ विधान परिषद सदस्य शाहनवाज खान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इमरान मलिक और पार्षद आसिफ अंसारी सहित पीड़ित परिवार की महिलाएं भी मौजूद रहीं।
एसएसपी से बातचीत के दौरान सांसद इमरान मसूद ने कहा कि दो पक्षों के आपसी झगड़े को धार्मिक रंग देने की किसी भी कोशिश को सामने लाया जाना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग कानून तोड़ने के वास्तविक दोषी हैं, उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी भी बेकसूर नागरिक को परेशान न किया जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्षता के साथ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इससे पहले घटना की सूचना मिलते ही नगर विधायक राजीव गुम्बर ने भी मौके पर पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों से बात की थी। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा था कि पथराव और उपद्रव करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उधर देर शाम महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सभी प्रमुख जनप्रतिनिधियों के बयानों और सक्रियता के बाद इलाके का यह मामला चर्चा के केंद्र में आ गया है।
What's Your Reaction?