Sambhal : सम्भल में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, मार्केट में बनेगा 'नो ई-रिक्शा जोन', नियम तोड़ने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई
नगर मजिस्ट्रेट ने साफ तौर पर कहा है कि जिन ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और सरकारी नियमों के मुताबिक उन्हें जब्त करके नष्ट कर दिया जाएगा।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्ययोजना तैयार की है। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और सीओ कुलदीप सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस, ट्रैफिक विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों ने शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई अहम फैसले लिए।
बैठक में पोस्ट ऑफिस से कोतवाली और कोतवाली से शंकर चौराहा तक के मार्ग को 'नो ई-रिक्शा जोन' घोषित करने का निर्णय लिया गया है। इन मार्गों पर सुबह से शाम तक ई-रिक्शा का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं चमन सराय से एकता चौकी होते हुए नखासा चौराहा तक के मार्ग को वन-वे बनाया जाएगा। प्रशासन इस व्यवस्था को एक महीने तक लागू कर इसके परिणामों का आकलन करेगा।
सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण वाले ई-रिक्शा के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और शासन की एसओपी के अनुसार उन्हें जब्त कर नष्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले पंजीकृत ई-रिक्शा भी सीज किए जाएंगे। प्रशासन ने दुकानदारों को भी चेतावनी दी है कि यदि उनकी सहमति से दुकानों के सामने ठेले लगाए गए पाए गए तो ठेले जब्त किए जाएंगे, जुर्माना वसूला जाएगा और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ पीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि पूरी व्यवस्था पर इंटीग्रेटेड सीसीटीवी कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। प्रतिबंधित क्षेत्रों में नियम तोड़ने वाले वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इन कदमों से शहर में जाम की समस्या कम होगी और आम नागरिकों को सुगम यातायात व्यवस्था मिल सकेगी।
What's Your Reaction?




