Bajpur : सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में बाजपुर में महिला पर मुकदमा दर्ज
पुलिस को जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और वीडियो फाइल के अवलोकन से पता चला कि यह वीडियो करीब एक मिनट तेरह सेकंड का है। इस वीडियो में कम उम्र का एक लड़का अपने मोबाइल फोन से एक अन्य लड़के और लड़की के बीच के अंतरंग पलों की वीडियो रिकॉर्डिंग करता हुआ दिख रहा है।
बाजपुर (रिपोर्ट: आमिर हुसैन): ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने एक महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल से मिली शिकायत के बाद बरहैनी चौकी प्रभारी संदीप शर्मा ने मामले की जांच की और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और वीडियो फाइल के अवलोकन से पता चला कि यह वीडियो करीब एक मिनट तेरह सेकंड का है। इस वीडियो में कम उम्र का एक लड़का अपने मोबाइल फोन से एक अन्य लड़के और लड़की के बीच के अंतरंग पलों की वीडियो रिकॉर्डिंग करता हुआ दिख रहा है। वीडियो बनाने वाले लड़के और यह किस स्थान पर रिकॉर्ड किया गया है, इस बारे में अभी कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।
साइबर पोर्टल की जांच रिपोर्ट के अनुसार, इस आपत्तिजनक वीडियो को इंटरनेट और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के लिए जिस संदिग्ध मोबाइल नंबर का उपयोग किया गया था, वह बाजपुर के हरीपुरा, हजीरा (हरसान) की रहने वाली लक्ष्मी देवी पत्नी पप्पू सिंह के नाम पर पंजीकृत है। इंटरनेट पर इस तरह की अश्लील सामग्री को पोस्ट करना सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 67 (बी) के तहत एक गंभीर और दंडनीय अपराध है। पीड़ित पक्ष की शिकायत और पोर्टल से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने लक्ष्मी देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?




