Sambhal : चकिया में सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने SDM से लगाई गुहार, लेखपाल पर भी गंभीर सवाल
शिकायत के अनुसार, उक्त भूमि राजस्व अभिलेखों में युवक मंगल दल के नाम दर्ज है, लेकिन गांव के ही कुछ लोगों द्वारा उस पर कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि कब्जाधारियों ने वहां पशु बांधना, उपले रखना और अन्य गतिविधियां शुरू कर दी हैं, जिससे
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल की तहसील क्षेत्र के ग्राम चकिया में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित रितिक कुमार ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव की गाटा संख्या 75, रकबा 0.1190 हेक्टेयर भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, उक्त भूमि राजस्व अभिलेखों में युवक मंगल दल के नाम दर्ज है, लेकिन गांव के ही कुछ लोगों द्वारा उस पर कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि कब्जाधारियों ने वहां पशु बांधना, उपले रखना और अन्य गतिविधियां शुरू कर दी हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित ने यह भी कहा कि वहां छोटे बच्चों के खेलने की जगह भी प्रभावित हो रही है। गंभीर बात यह है कि पीड़ित ने हल्का लेखपाल पर भी पक्षपात का आरोप लगाया है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि शिकायत देने के बावजूद लेखपाल द्वारा मौके की सही जांच नहीं की गई और उल्टा कब्जाधारियों को फायदा पहुंचाते हुए मामले को दबाने की कोशिश की गई।
वहीं लेखपाल की ओर से दी गई आख्या में जमीन को ‘गड्ढे व घूर’ के रूप में दर्शाते हुए उस पर उपले रखने की बात कही गई है, जिससे मामले में विरोधाभास और बढ़ गया है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जा हटवाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और क्या वाकई सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया जाएगा या फिर मामला फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।
What's Your Reaction?









