Sambhal News: सम्भल-अमरोहा रूट पर ई-रिक्शा और टेंपो से परेशान बस ऑपरेटर, सोमवार से भूख हड़ताल की चेतावनी
सम्भल-अमरोहा प्राइवेट बस रूट पर अवैध ई-रिक्शा और टेंपो संचालन को लेकर बस ऑपरेटरों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बस यूनियन के
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल-अमरोहा प्राइवेट बस रूट पर अवैध ई-रिक्शा और टेंपो संचालन को लेकर बस ऑपरेटरों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बस यूनियन के अध्यक्ष गुड्डू ने एडीएम से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की है। उनका आरोप है कि परमिट लेकर सरकार को राजस्व देने वाली बसों के आगे बिना परमिट ई-रिक्शा और टेंपो चलाए जा रहे हैं, जिससे बस संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
गुड्डू के मुताबिक सम्भल-अमरोहा रूट करीब 35 किलोमीटर का है और बस संचालक परमिट के साथ हर महीने करीब 7,314 रुपये राजस्व जमा करते हैं। इसके अलावा इंश्योरेंस, फिटनेस, टैक्स और प्रदूषण समेत तमाम निर्धारित खर्च भी वहन करते हैं। बस ऑपरेटरों का आरोप है कि रूट पर अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा और टेंपो बसों के आगे आकर सवारियां उठा लेते हैं। विरोध करने पर धमकी देने और बसों के शीशे तोड़ने तक के आरोप लगाए गए हैं। यूनियन का कहना है कि कई बार शिकायत और आश्वासन के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। गुड्डू ने बताया कि एडीएम ने यातायात पुलिस और सिटी मजिस्ट्रेट को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, लेकिन यूनियन के मुताबिक धरातल पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब बस यूनियन ने समाधान की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि मांग पूरी नहीं हुई तो सोमवार से आरटीओ कार्यालय के अंदर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
What's Your Reaction?







