Sambhal : सम्भल में बिना सुरक्षा इंतजामों के चल रहा कोचिंग सेंटर सील, होटल और लाइब्रेरी मालिकों को नोटिस

जांच के दौरान टीम को कई जगहों पर आग से निपटने के इंतजामों में बड़ी लापरवाहियां मिलीं, जिस पर अधिकारियों ने मालिकों को चेतावनी देकर तुरंत सुधार करने के लिए कहा। वहीं, एक कोचिंग सेंटर में सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम पूरी तरह गायब थे।

Jun 25, 2026 - 13:37
 0  6
Sambhal : सम्भल में बिना सुरक्षा इंतजामों के चल रहा कोचिंग सेंटर सील, होटल और लाइब्रेरी मालिकों को नोटिस
Sambhal : सीएम योगी के सख्त आदेश का असर- बबराला में बिना सुरक्षा मानकों के चल रहा कोचिंग सेंटर सील, होटल-लाइब्रेरी संचालकों को चेतावनी

Report : उवैस दानिश, सम्भल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे अग्नि सुरक्षा जांच अभियान की आंच अब कस्बों तक पहुंच गई है। जनपद सम्भल के बबराला कस्बे में एसडीएम, सीओ और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और होटलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की।

जांच के दौरान कई संस्थानों में अग्निशमन से जुड़े सुरक्षा मानकों में कमियां मिलीं, जिस पर अधिकारियों ने संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। वहीं एक कोचिंग सेंटर में सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम तक नहीं पाए गए। न तो अग्निशमन उपकरण मौजूद थे और न ही आवश्यक अनुमति संबंधी दस्तावेज। इस पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कोचिंग सेंटर को तत्काल बंद करा दिया।

एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा तीन लाइब्रेरी और एक होटल का निरीक्षण किया गया। अधिकांश स्थानों पर कुछ कमियां मिली हैं, जिन्हें दूर करने के लिए संचालकों को समय दिया गया है।

उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों में आग से सुरक्षा के मूलभूत मानकों का पालन नहीं होगा, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोचिंग सेंटर, होटल और लाइब्रेरी संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों और आम लोगों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow