Sambhal : सम्भल में मौत का टैंक! राइस मिल में विषैली गैस से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कृष्ण बिश्नोई और अपर पुलिस अधीक्षक मनोज रावत भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मिल का बारीकी से निरीक्षण किया।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल के बहजोई स्थित एस.आर. राइस मिल में देर रात एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मिल के अंदर विषैली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई।
हादसा उस समय हुआ जब एक मजदूर फैक्ट्री के अंदर बने टैंकनुमा हिस्से में उतरा और जहरीली गैस के कारण बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए दूसरा व्यक्ति नीचे उतरा, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आ गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बहजोई पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण बिश्नोई, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज रावत तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मिल संचालक से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जानकारी ली।
एसपी कृष्ण बिश्नोई ने बताया कि फैक्ट्री में मक्के से नमी हटाने का कार्य किया जाता है। देर रात एक कर्मचारी नीचे उतरा था, जहां मौजूद विषैली गैस के कारण वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए दूसरा व्यक्ति भी नीचे गया, जिसकी भी मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
वहीं मिल प्रबंधन मृतकों के परिजनों से संपर्क कर सहायता और मुआवजे को लेकर बातचीत कर रहा है। दो जिंदगियां बचाने की कोशिश में बुझ गईं, बहजोई की इस दर्दनाक घटना ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?




