Sambhal Congress News: संभल में कांग्रेस की बड़ी बैठक, राजेंद्र पाल गौतम के दौरे से पहले दलित मुस्लिम एकता पर रणनीति तैयार
Sambhal Congress Meeting: संभल में कांग्रेस ने राजेंद्र पाल गौतम के आगामी दौरे को लेकर रणनीति बनाई। बैठक में दलित और मुस्लिम समाज को जोड़ने पर चर्चा हुई।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में कांग्रेस ने 23 जुलाई को प्रस्तावित एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
आरिफ तुर्की ने कहा कि राजेंद्र पाल गौतम पहली बार संभल आ रहे हैं, इसलिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुटेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए अधिक से अधिक संख्या में लोगों को कार्यक्रम में लाने का आह्वान किया। राजनीतिक रणनीति पर बोलते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजेंद्र पाल गौतम लगातार दलित, पिछड़े, वंचित और मुस्लिम समाज को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम समाज का गठजोड़ मजबूत हो रहा है और इसका असर आने वाले समय में दिखाई देगा। आरिफ तुर्की ने कहा कि 23 जुलाई के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दलित समाज की भागीदारी देखने को मिलेगी। कांग्रेस इस आयोजन के जरिए संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक समीकरणों को भी साधने की कोशिश में जुटी है। कार्यक्रम को लेकर जिले भर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं और पार्टी इसे अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने का अवसर मान रही है।
What's Your Reaction?




