UP Teachers TET News: संभल में पुराने शिक्षकों पर टीईटी का पेच, सांसद जियाउर्रहमान बर्क को सौंपा ज्ञापन, संसद में उठेगी आवाज
UP Teachers TET Issue: संभल में शिक्षकों ने सांसद जियाउर्रहमान बर्क को ज्ञापन देकर पुराने अध्यापकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने की मांग की है।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ और टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले शिक्षकों ने सांसद जियाउर्रहमान बर्क को ज्ञापन सौंपकर 2002 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी (TET) की अनिवार्यता खत्म करने की मांग उठाई।
संघ के पूर्णकालिक जिला मंत्री नायब सिंह यादव ने कहा कि वर्ष 2002 से पहले नियुक्त शिक्षकों ने उस समय लागू सभी शैक्षणिक योग्यताओं के आधार पर नौकरी हासिल की थी। अब 20 से 25 वर्ष की सेवा के बाद उन पर टीईटी की अनिवार्यता थोपना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि 2017 में किए गए संशोधन को वापस लेते हुए पुराने शिक्षकों को टीईटी से छूट दी जाए। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर जिले के सभी आठ विकास खंडों और दो नगर क्षेत्रों के शिक्षक ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल हुए।
यदि सरकार मांग नहीं मानती है तो प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि यह मुद्दा पहले भी संसद में उठाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में इस विषय पर सदन में आवाज उठाई गई थी और विरोध स्वरूप वॉकआउट भी किया गया था। सांसद ने कहा कि देशभर के करीब 25 लाख शिक्षक इस नियम से प्रभावित हो रहे हैं। उनका मानना है कि 2009 के अधिनियम के तहत टीईटी की अनिवार्यता पुराने शिक्षकों पर लागू नहीं होनी चाहिए। सांसद बर्क ने भरोसा दिलाया कि यदि सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है तो संसद में कानून बनाकर पुराने शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से बाहर करने की मांग फिर मजबूती से उठाई जाएगी।
What's Your Reaction?




