दिवाली से पहले बदलेगा सम्भल का नजारा! DM ने लिया विकास कार्यों का जायजा, नाइट स्वीपिंग के निर्देश
सम्भल में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने पर्यटन व नगर विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। दिवाली से पूर्व अधूरे निर्माण कार्य पूरा कराने के कड़े निर्देश दिए।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
पर्यटन और नगर विकास की योजनाओं को रफ्तार देने के लिए जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बुधवार को सम्भल के विभिन्न निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अंश तीर्थ, मंदिर, इंटर कॉलेज के खेल मैदान, पब्लिक लाइब्रेरी, निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और स्विमिंग पूल समेत कई परियोजनाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

अंश तीर्थ के निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्य और डिजाइन को देखा। उन्होंने कुछ डिजाइन में बदलाव के निर्देश दिए। यहां हॉल, यूटिलिटी ब्लॉक और टॉयलेट का निर्माण चल रहा है। मुख्य मंदिर में प्लास्टर और टाइल्स से जुड़े काम को भी बेहतर तरीके से कराने के निर्देश दिए गए।

इंटर कॉलेज के खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए डीएम ने लाइटिंग बढ़ाने और पब्लिक लाइब्रेरी को जल्द फंक्शनल करने पर जोर दिया। वहीं निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और स्विमिंग पूल में सौंदर्यीकरण से जुड़े सुझाव भी दिए गए।

डीएम ने बताया कि बारिश के कारण निर्माण कार्यों में कुछ देरी हुई है, लेकिन अब दिवाली से पहले प्रमुख निर्माण कार्य पूरे कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लेबर बढ़ाकर युद्धस्तर पर काम कराने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्माणाधीन कार्यों को अगले दो महीने में पूरा करने की बात कही गई। इसके अलावा प्रस्तावित स्पोर्ट्स स्टेडियम, पार्क और डिजिटल लाइब्रेरी को लेकर भी तैयारी चल रही है।

डीएम के मुताबिक इन परियोजनाओं में करीब 6 से 8 महीने का समय लग सकता है। त्योहारों को देखते हुए डीएम ने नगर पालिका को सफाई और रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और बारिश से आई खराबियों को एक सप्ताह में ठीक कराने के साथ मुख्य बाजारों और मार्गों पर दिवाली तक नाइट स्वीपिंग कराने को कहा गया। वहीं गोरखनाथ मंदिर में पर्यटन विभाग से स्वीकृत धनराशि से सत्संग भवन और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
What's Your Reaction?