Sambhal : चूहे की मौत पर भी खानदान खत्म करा दूंगा… सम्भल में होली मिलन मंच से बीजेपी नेता की धमकी का वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि यह मामला सम्भल जिले के रजपुरा क्षेत्र के एक निजी बारात घर में आयोजित होली मिलन समारोह का है। कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधन करते हुए संजीव यादव ने कहा
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में होली मिलन समारोह के दौरान मंच से दिए गए एक बयान को लेकर सियासी माहौल गर्मा गया है। हापुड़ से आकर सम्भल में विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे बीजेपी नेता संजीव यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह क्षेत्रीय नेताओं को खुले मंच से धमकी देते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह मामला सम्भल जिले के रजपुरा क्षेत्र के एक निजी बारात घर में आयोजित होली मिलन समारोह का है। कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधन करते हुए संजीव यादव ने कहा कि अगर उनके किसी कार्यकर्ता के साथ कोई घटना होती है तो वह संबंधित लोगों की खानदान समेत हत्या करा देंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने यहां तक कहा कि अगर उनके “चूहे” तक की मौत हो जाती है तो भी वह जिम्मेदार लोगों के पूरे खानदान को खत्म करा देंगे। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी हलचल मच गई।
अपने संबोधन में संजीव यादव ने यह भी दावा किया कि उनका संपर्क प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से है। उन्होंने गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र को अपनी चुनाव स्थली बताते हुए यहीं रहने और एक कॉलेज बनाने का ऐलान भी किया। वहीं क्षेत्रीय नेताओं को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि वे उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते और अगर किसी ने उनके लोगों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो उसका जवाब दिया जाएगा। बीजेपी नेता का यह धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
What's Your Reaction?









