Sambhal News: सम्भल पहुंची वडनगर से वाराणसी तक की सेवा संकल्प यात्रा, बुलडोजर पर मुस्लिम समाज ने की पुष्पवर्षा
गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही भाजपा की सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को सम्भल पहुंची। गुजरात से आए सहयात्रियों
उवैस दानिश, सम्भल
गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही भाजपा की सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को सम्भल पहुंची। गुजरात से आए सहयात्रियों के जनपद में प्रवेश पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया। यात्रा का रात्रि प्रवास हरिबाबा बांध पर रहा।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने बताया कि यह यात्रा वडनगर से शुरू होकर वाराणसी तक जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा के दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और लाभार्थियों से संवाद जैसे कार्यक्रम किए जा रहे हैं। यात्रा के दौरान उस वक्त सियासी चर्चा तेज हो गई, जब बुलडोजर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने भी पुष्पवर्षा की। इस पर हरेंद्र सिंह ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि बुलडोजर गरीबों को ढहाता है, यह दृश्य उनके लिए जवाब है। उन्होंने इसे यूपी की जनता द्वारा बुलडोजर की सरकार को स्वीकार किए जाने का संकेत बताया। वहीं जामनगर की सांसद पूनमबेन माडम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि जनसेवा ही राष्ट्रसेवा है। उन्होंने सम्भल में महिलाओं की स्थिति और सुरक्षा को लेकर दावा किया कि अब महिलाएं मजबूती से बाहर निकलकर नेतृत्व कर रही हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर सशक्त हो रही हैं। सांसद ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य लोगों को सेवा के लिए प्रेरित करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ अपनी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए योगदान देने के लिए जागरूक करना है। यात्रा के सम्भल पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
What's Your Reaction?