Election News: सम्भल में शिक्षक निर्वाचन की तैयारी पूरी! 3,499 मतदाता करेंगे वोट, 7 केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां रवाना

चन्दौसी में मतदाताओं की अधिक संख्या के चलते अतिरिक्त कार्मिक तैनात, मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक

By INA News Desk
Oct 22, 2026 - 16:53
9 Views
Election News: सम्भल में शिक्षक निर्वाचन की तैयारी पूरी! 3,499 मतदाता करेंगे वोट, 7 केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां रवाना

उवैस दानिश, सम्भल

बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर सम्भल में चुनावी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए जिले के सात मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गई हैं। इस निर्वाचन में 3,499 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और त्रुटिरहित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने मतदान कार्मिकों को सख्त निर्देश दिए हैं।

एनआईसी बहजोई में पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों का रैंडमाइजेशन किया गया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में पोलिंग पार्टियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को ब्रीफिंग दी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्मिक निर्धारित एसओपी के अनुसार काम करेंगे।

  • चन्दौसी में अतिरिक्त कार्मिक की तैनाती

जिले में सात मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें असमोली के मनौटा विकासखंड कार्यालय, सम्भल तहसील कार्यालय, पवांसा विकासखंड कार्यालय, चन्दौसी तहसील कार्यालय, बहजोई विकासखंड कार्यालय, रजपुरा और गुन्नौर के विकासखंड कार्यालय शामिल हैं। चन्दौसी में मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण एक अतिरिक्त कार्मिक तैनात किया गया है, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके।

  • मतपत्र से लेकर मतपेटिका तक, हर व्यवस्था पर नजर

जिलाधिकारी ने मतदान सामग्री, मतपत्रों, प्रपत्रों और मतपेटिकाओं के वितरण का निरीक्षण किया। मतदान कार्मिकों को सामग्री का मिलान करने और किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए। ब्रीफिंग में मतपत्र मोड़ने की सही प्रक्रिया, मतदान अधिकारी तृतीय की जिम्मेदारी और मतपेटिकाओं की वीडियोग्राफी को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। निर्देशों के मुताबिक, पीठासीन अधिकारी और अन्य मतदान कार्मिक मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन लेकर नहीं जाएंगे। मतदान पूरा होने के बाद मतपेटिकाओं को बरेली ले जाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची या अभिलेखों में किसी त्रुटि की स्थिति में नियमानुसार जांच की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। सभी पोलिंग पार्टियों को निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर निष्पक्षता और पूरी सतर्कता के साथ मतदान सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रिय सिंह, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, डिप्टी कलेक्टर नीरज कुमार द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read- सुप्रीम कोर्ट से राहुल गांधी को बड़ी राहत: पीएम मोदी पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि केस की सुनवाई पर लगाई रोक

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement