गौस पाक के झंडे मुबारक पर चढ़ी अकीदत की चादर, अमन-शांति और भाईचारे की दुआ से गूंजा सम्भल

सम्भल के मोहल्ला फतेहउल्ला सराय में गौस पाक के झंडे मुबारक पर अकीदतमंदों ने चादरपोशी की। मुल्क में अमन-शांति, लंगर और महफिल-ए-मिलाद का हुआ आयोजन।

By INA News Desk
Sep 30, 2026 - 21:53
13 Views
गौस पाक के झंडे मुबारक पर चढ़ी अकीदत की चादर, अमन-शांति और भाईचारे की दुआ से गूंजा सम्भल

Report : उवैस दानिश, सम्भल

पीराने पीर दस्तगीर रोशन जमीर हजरत शैख अब्दुल कादिर जिलानी रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स के मुबारक मौके पर नगर के मोहल्ला फतेहउल्ला सराय स्थित गौस पाक के झंडे मुबारक पर अकीदतमंदों ने चादरपोशी कर मुल्क और सम्भल में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी। उर्स में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ी और देर रात तक धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा।

कमेटी पदाधिकारियों, अकीदतमंदों और समाजवादी पार्टी के जिला सचिव सईद अख्तर इसराईली समेत अन्य लोगों ने झंडे मुबारक पर चादरपोशी की। इस दौरान मुल्क में अमन-चैन, सम्भल में शांति और आपसी भाईचारे की दुआ की गई।

कमेटी से जुड़े नवील अहमद ने बताया कि उर्स की रस्में कई दिनों तक चलती हैं। ग्यारहवीं, पंद्रहवीं, सोलहवीं और सत्रहवीं शरीफ पर लंगर का आयोजन किया जाता है, जबकि 18 तारीख को फज्र की नमाज के बाद कुल शरीफ होगा।

उन्होंने बताया कि यहां दूर-दराज के इलाकों से अकीदतमंद पहुंचते हैं और झंडे मुबारक पर गिलाफ चढ़ाते हैं। उर्स में नातख्वानी, लंगर, महफिल-ए-मिलाद और मलंगों के अखाड़े का आयोजन हुआ।

परिसर में “दम मस्त कलंदर अली-अली” और “दम मदार बेड़ा पार” के नारों से माहौल गूंजता रहा। वहीं बच्चों ने झूलों का आनंद लिया और मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों से जमकर खरीदारी की।

नवील अहमद ने बताया कि मुरादाबाद के साथ ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग उर्स में शामिल होने पहुंचते हैं। उन्होंने सभी अकीदतमंदों से शांतिपूर्ण तरीके से उर्स मनाने की अपील की।

कार्यक्रम में नबील अहमद, मोहम्मद ताबीश, मोहम्मद असद, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद जफर, मोहम्मद अनवर समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow