Sambhal : सम्भल में जमानत पर छूटे युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत, परिजनों ने लगाया अपहरण और हत्या का आरोप
मृतक के चाचा फरमान ने जानकारी देते हुए बताया कि अनस जब अदालत से अपनी जमानत कराने के बाद वापस अपने घर आ रहा था, तभी रास्ते में अनुज और मनोज समेत करीब 20 से 25 लोगों ने उसकी गाड़ी को जबरन रोक लिया।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल के भवानीपुर गांव में एक युवक की मौत के बाद माहौल गमगीन है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि 18 जून को नगर मजिस्ट्रेट कोर्ट से जमानत पर रिहा होकर लौट रहे युवक अनस का रास्ते में कथित तौर पर अपहरण कर बेरहमी से पीटा गया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती अनस ने आठ दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद मुरादाबाद के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतक के चाचा फरमान ने बताया कि अनस कोर्ट से जमानत कराकर घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में अनुज, मनोज समेत 20 से 25 लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। हमलावरों ने कथित तौर पर हथियारों से लैस होकर वाहन पर हमला किया, शीशे तोड़ दिए और अनस को जबरन गाड़ी से खींच लिया। परिजनों का आरोप है कि अनस ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़कर लाठी-डंडों, सरियों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया और अधमरी हालत में भवानीपुर पुलिया के पास फेंक दिया गया। परिजनों के अनुसार, सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अनस को सम्भल कोतवाली तथा बाद में उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालत बिगड़ने पर उसे मुरादाबाद के अस्पताल रेफर किया गया, जहां आठ दिन तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने डीआईजी मुरादाबाद को प्रार्थना पत्र देकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का पक्ष अभी सामने आना बाकी है।
What's Your Reaction?




