Gorakhpur : गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए तुरंत मदद के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री खुद चलकर महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के पास पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर सभी के प्रार्थना पत्र लिए और उन्हें तुरंत संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उचित कार्रवाई करने को कहा।
गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगे जनता दर्शन कार्यक्रम में आम लोगों से सीधे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दूर-दूर से आए लगभग 200 लोगों की परेशानियां और शिकायतें सुनीं। इससे पहले उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में गायों व उनके बच्चों को दुलारा और अपने हाथ से उन्हें खिलाया।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जनता की हर एक समस्या का समाधान पूरी संवेदनशीलता के साथ तय समय के भीतर किया जाए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है, सरकार सभी की शिकायतों पर सही और प्रभावी कदम उठाएगी।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री खुद चलकर महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के पास पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर सभी के प्रार्थना पत्र लिए और उन्हें तुरंत संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उचित कार्रवाई करने को कहा।
हर बार की तरह इस बार भी कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि पैसों की कमी के कारण किसी भी व्यक्ति का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।
दिल की बीमारी से पीड़ित एक महिला से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके इलाज का पूरा खर्च मुख्यमंत्री राहत कोष से दिया जाएगा, इसके लिए वे तुरंत जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करवाएं।
इसके साथ ही जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी कई शिकायतें भी सामने आईं। इन मामलों को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ तुरंत और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गरीबों और असहाय लोगों की जमीनों पर कब्जा करने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।
What's Your Reaction?




