गोरखपुर: सीएम योगी ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी
गोरखपुर प्रवास पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पिपराइच क्षेत्र के दो शोकाकुल परिवारों से मिलकर ढांढस बंधाया और मुख्यमंत्री कोष से दो-दो लाख रुपये के चेक सौंपे।
गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपरीत परिस्थितियों और दुर्घटनाओं के चलते अपने प्रियजनों को खो चुके दो पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित बैठक कक्ष में पहुंचे मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिजनों के पास बैठकर उनका दुख-दर्द सुना और उन्हें सांत्वना दी। संकट की इस घड़ी में संबल प्रदान करते हुए उन्होंने दोनों परिवारों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए।
यह सहायता पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के दो अलग-अलग परिवारों को दी गई है, जिन्होंने हाल ही में अपने परिवार के मुख्य सदस्यों को असमय खो दिया। पहले मामले में औरंगाबाद गांव के निवासी आदित्य प्रजापति की एक दर्दनाक सड़क हादसे में जान चली गई थी, जिससे उनका परिवार गहरे सदमे और आर्थिक संकट में घिर गया था। वहीं दूसरा मामला मुन्नी देवी के परिवार से जुड़ा है, जिनके पति लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और अंततः उनका निधन हो गया।

मुख्यमंत्री ने दोनों परिवारों के सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर कठिन परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। अपनों के असमय चले जाने की भरपाई तो किसी भी चीज से संभव नहीं है, लेकिन इस आर्थिक मदद से पीड़ित परिवारों को तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने और नए सिरे से जीवन को संभालने में सहारा मिलेगा।
Also Click : Lucknow News: 15 वर्षों के इंतजार के बाद घर में गूंजी किलकारी, क्वीन मैरी की IVF यूनिट ने रचा नया इतिहास
What's Your Reaction?