Shamli : पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अपराधी मेहताब ढेर, दरोगा जख्मी

पुलिस की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें इनामी अपराधी मेहताब को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस दौरान बदमाशों की एक गोली दरोगा दीपचंद को भी लगी।

Jun 26, 2026 - 15:31
47 Views
Shamli : पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अपराधी मेहताब ढेर, दरोगा जख्मी
Shamli : पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अपराधी मेहताब ढेर, दरोगा जख्मी

कांधला थाना क्षेत्र में खंद्रावली पुलिस चौकी के पास पुलिस और अपराधियों के बीच तड़के हुई भयंकर मुठभेड़ में 50 हजार रुपए का इनामी अपराधी मेहताब मारा गया। इस गोलीबारी में कांधला थाने के दरोगा दीपचंद भी गोली लगने से जख्मी हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौके से भागे दूसरे अपराधी की खोज में जंगलों और आसपास के इलाकों में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खंद्रावली पुलिस चौकी के पास दो संदिग्ध अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से घात लगाकर बैठे हैं। सूचना मिलते ही जब पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बाइक पर सवार दोनों संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें इनामी अपराधी मेहताब को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस दौरान बदमाशों की एक गोली दरोगा दीपचंद को भी लगी।

दोनों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मेहताब को मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ का फायदा उठाकर मेहताब का साथी मौके से भागने में कामयाब रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। मौके से पुलिस को बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल, एक 9 एमएम की पिस्टल, कुछ जिंदा कारतूस और खोखे मिले हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मेहताब कुख्यात मुकीम काला गिरोह का मुख्य चेहरा था और उसके ऊपर हत्या, डकैती और लूटपाट जैसे संगीन मामलों के 25 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। वह उत्तर प्रदेश के शामली, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर के अलावा दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड में भी वारदातों को अंजाम देता था। कुछ समय पहले उसने पानीपत में एक महिला कांस्टेबल से कुंडल लूटे थे और आदर्श मंडी क्षेत्र में किसानों के साथ हुई लूटपाट में भी वह शामिल था।

Also Click : पुणे मर्डर मिस्ट्री: लोहागढ़ किले से गिरने के बाद केतन अग्रवाल की मौत मामले में मंगेतर पर आरोप, एंटरटेनमेंट जगत में भारी रोष

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow