सम्भल में चला तालाब बचाओ अभियान: बराही में 10 हेक्टेयर जमीन से हटा कब्जा, बुलडोजर लेकर पहुंचा प्रशासन।
सम्भल के नगर पंचायत सिरसी क्षेत्र के ग्राम बराही में प्रशासन ने तालाब और झील की जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए बड़ा अभियान
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल के नगर पंचायत सिरसी क्षेत्र के ग्राम बराही में प्रशासन ने तालाब और झील की जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए बड़ा अभियान चलाया। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार दीपक कुमार और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां तालाब और झील की जमीन की नापाई और चिन्हांकन शुरू किया गया। कार्रवाई को देखते हुए मौके पर पहले से बुलडोजर भी तैनात किया गया था।
कुछ ही देर बाद एसडीएम निधि पटेल भी मौके पर पहुंचीं और चिन्हांकन के दौरान मिले अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कराई। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। एसडीएम निधि पटेल ने बताया कि तहसील सम्भल क्षेत्र में तालाबों और झीलों को कब्जामुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम बराही में तालाब और झील की दो गाटा संख्याओं की कुल लगभग 10 हेक्टेयर जमीन को चिन्हित किया गया है। यहां मौजूद अस्थायी कब्जों को हटाकर जल स्रोतों को उनके मूल स्वरूप में वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कब्जा हटाने के बाद विकास विभाग द्वारा तालाब और झील के सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। एसडीएम ने साफ किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बराही के बाद अगली कार्रवाई ग्राम रहतौल में की जाएगी।
Also Read- पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हत्या पर बवाल: शहजाद पूनावाला ने 'TMC' को बताया 'टोटल माफिया कल्चर'।
What's Your Reaction?




