Hardoi: संडीला में दुर्गा वाहिनी का सात दिवसीय प्रांत शौर्य प्रशिक्षण वर्ग शुरू।

आत्मरक्षा, राष्ट्र सेवा और संस्कारों का मिलेगा प्रशिक्षण, 25 जिलों से पहुंचीं 150 से अधिक युवतियां

By INA News Desk
May 23, 2026 - 20:45
65 Views
Hardoi: संडीला में दुर्गा वाहिनी का सात दिवसीय प्रांत शौर्य प्रशिक्षण वर्ग शुरू।
संडीला में दुर्गा वाहिनी का सात दिवसीय प्रांत शौर्य प्रशिक्षण वर्ग शुरू।

रिपोर्टर – मुकेश सिंह सोमवंशी
संडीला, हरदोई। विश्व हिंदू परिषद की युवा महिला शाखा ‘दुर्गा वाहिनी’ द्वारा आयोजित सात दिवसीय आवासीय प्रांत शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ संडीला क्षेत्र के कहली-तेरवा स्थित सुभाषचंद्र बोस स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मातृशक्ति की अखिल भारतीय संयोजिका मा. मीनाक्षी ताई ने मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक ऊर्जा का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।


उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मा. मीनाक्षी ताई ने कहा कि वर्तमान समय में युवतियों का शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दुर्गा वाहिनी का यह प्रशिक्षण वर्ग बहनों में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों की रक्षा में मातृशक्ति की सबसे बड़ी भूमिका है तथा हर युवती को आत्मरक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।
कार्यक्रम में विहिप के प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप जी, दुर्गा वाहिनी की सह संयोजिका सरोज दीदी, वर्गाधिकारी डॉ. विभा जी तथा अवध प्रांत संयोजिका मुद्रा जी विशेष रूप से मौजूद रहीं। शिविर में अवध प्रांत के 25 जिलों से आई लगभग 150 चयनित शिक्षार्थी बहनें भाग ले रही हैं।
वर्गाधिकारी डॉ. विभा जी ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस आवासीय शिविर में युवतियों को कठोर एवं अनुशासित प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिदिन सुबह योग, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार से दिनचर्या की शुरुआत होगी। इसके बाद नियुद्ध, दंड संचालन, जूडो-कराटे, लाठी प्रशिक्षण तथा बाधा पार करने जैसी आत्मरक्षा संबंधी गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा।
इसके अलावा युवतियों के वैचारिक विकास के लिए प्रतिदिन बौद्धिक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप जी ने बताया कि इन सत्रों में राष्ट्रीय सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक चुनौतियां, राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका तथा सांस्कृतिक जागरूकता जैसे विषयों पर वरिष्ठ वक्ताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
शिविर के समापन अवसर पर संडीला नगर में दुर्गा वाहिनी की बहनों द्वारा शौर्य प्रदर्शन एवं भव्य पथ संचलन निकाला जाएगा, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय प्रबंधन, स्थानीय विहिप पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

Also Read- Hardoi: अब गांव होगा प्लास्टिक फ्री! बेगमगंज में नई मशीनों से लैस यूनिट का उद्घाटन।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow