सीतापुर जेल में विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण: देखी बंदियों की दिनचर्या और सुधार प्रणाली, अधिकारियों से जाने नियम
सीतापुर जिला कारागार में स्टडी प्वाइंट इंटर कॉलेज के 90 छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण किया। बंदियों की जीवनशैली, गौशाला, अस्पताल और जेल नियमों को समझा।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर। विद्यार्थियों के सर्वांगीण बौद्धिक विकास और समाज के विभिन्न प्रशासनिक तंत्रों की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से रूबरू कराने के उद्देश्य से खैराबाद स्थित स्टडी प्वाइंट इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने जिला कारागार का दूसरा शैक्षणिक भ्रमण संपन्न किया। कॉलेज प्रबंधक आमिर रिजवी और सह प्रबंधक लुबना रिजवी के मार्गदर्शन में तथा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक अशोक प्रजापति के नेतृत्व में नब्बे विद्यार्थियों के दल ने जेल परिसर का विस्तृत मुआयना किया।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने कारागार के आंतरिक माहौल, साफ-सफाई, पाकशाला, चिकित्सालय, शिक्षालय, पुस्तकालय, गौशाला, कृषि कार्य क्षेत्र और महिला बंदी गृह की कार्यप्रणाली को बहुत बारीकी से देखा। बंदियों के सुधार के लिए चलाई जा रही सकारात्मक गतिविधियों, कौशल विकास के प्रयासों और अनुशासन को देखकर विद्यार्थी अत्यंत प्रभावित हुए। इस दौरान विद्यार्थियों ने जेल अधीक्षक प्रीति यादव तथा जेलर आरके वर्मा से मुलाकात कर कारागार प्रशासन, बंदी पुनर्वास, सुरक्षा और विधिक नियमों से जुड़े अनेक सवाल पूछे, जिन्हें उन्होंने अपनी नोटबुक में दर्ज किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न बैरकों में बंदियों से भी संवाद कर उनकी दिनचर्या और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के अंत में जेल प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को जलपान कराया गया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य अमी किरण अवस्थी और उप प्रधानाचार्य केबी श्रीवास्तव ने कहा कि कड़े अनुशासन से ही एक आदर्श और सशक्त चरित्र का निर्माण संभव होता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न संस्थानों का भ्रमण कराया जाता है ताकि उनकी सोच का दायरा विस्तृत हो सके। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से जेल अधीक्षक प्रीति यादव और जेलर आरके वर्मा को स्मृति चिह्न व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। शैक्षणिक दल के सफल संचालन में शिक्षक अनुपम दीक्षित, अमित कुमार वर्मा, अनुपम श्रीवास्तव, जीनत आफरीन और प्रशिक्षक मंगली प्रसाद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भ्रमण की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षकों व विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
What's Your Reaction?







