Sitapur : लक्ज़री कारों से चोरी करने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाश गिरफ्तार, 77 लाख का माल बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने करीब दो-तीन हफ्ते पहले अलबदा गांव में एक घर का ताला तोड़कर गहने चुराए थे। इसके अलावा उन्होंने मनवा गांव में भी चोरी कर नकदी और पायल पर हाथ साफ किया था। चोरों ने बताया कि वे चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर की अटरिया थाना पुलिस और स्वाट टीम ने मिलकर चोरी की दो बड़ी वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के गहने, अवैध हथियार, नकदी, मोबाइल फोन के साथ-साथ एक ऑडी और एक सियाज कार बरामद हुई है। इस पूरे सामान की कीमत लगभग 77 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अटरिया थाने में दर्ज चोरी के दो मामलों की जांच के दौरान पुलिस टीम ने पहाड़ापुर चौराहा, रामपुर-भगौतीपुर मार्ग से दोनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान सदरपुर थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर मजरा लालपुर निवासी योगेंद्र चौहान और रेउसा थाना क्षेत्र के बढ़ईडीहा मजरा गोधनी सरैंया निवासी धर्मराज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 4 हजार रुपये नकद, एक वीवो मोबाइल, जेवरात, दो देसी तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दोनों लक्ज़री कारें बरामद कीं। जांच में सामने आया कि चोरों ने सियाज कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने करीब दो-तीन हफ्ते पहले अलबदा गांव में एक घर का ताला तोड़कर गहने चुराए थे। इसके अलावा उन्होंने मनवा गांव में भी चोरी कर नकदी और पायल पर हाथ साफ किया था। चोरों ने बताया कि वे चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए महंगी और आलीशान गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे ताकि रास्ते में किसी को उन पर कोई शक न हो। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी योगेंद्र चौहान सदरपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में भी फरार चल रहा था।
इस बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराएं बढ़ाकर दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। सीतापुर पुलिस अधीक्षक ने इस कामयाबी पर पुलिस टीम का हौसला बढ़ाते हुए 25 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। इस पूरी कार्रवाई को अटरिया थाना पुलिस और स्वाट टीम के जवानों ने मिलकर अंजाम दिया।
What's Your Reaction?




