Sitapur : खेत में चारा काटने गए ग्रामीण पर जंगली सियार का जानलेवा हमला, चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने बचाई जान
सीतापुर के मानपुर थाना इलाके के अंतर्गत दुदियापुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में घास काटने गए एक व्यक्ति पर जंगली सियार ने अचानक हमला कर दिया।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर के मानपुर थाना इलाके के अंतर्गत दुदियापुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में घास काटने गए एक व्यक्ति पर जंगली सियार ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित बुरी तरह जख्मी हो गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दुदियापुर के रहने वाले ओमप्रकाश यादव सुबह अपने मवेशियों के लिए खेत में चारा लेने गए थे। इसी बीच पास की झाड़ियों में छिपे एक सियार ने उन पर धावा बोल दिया और उनके दोनों हाथों को बुरी तरह चबा डाला। अचानक हुए इस हमले से घबराए पीड़ित ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। शोर सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे गोलू भार्गव, प्रियांशु, हिमांशु और राम जीवन समेत कई ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सियार को खदेड़कर पीड़ित की जान बचाई।
लहूलुहान हालत में पीड़ित को तुरंत नजदीकी डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उसे प्राथमिक इलाज दिया गया। इसके बाद हालत को देखते हुए परिवार के लोग उसे बेहतर इलाज के लिए बिसवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की बढ़ती आमद को रोका जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
Also Click : Hardoi : पत्नी के विरोध के बाद प्रेमी जोड़े ने एक ही फंदे से लटककर दी जान, पंचायत ने सुनाया था साथ रहने का फैसला
What's Your Reaction?




