Sambhal: चाय विक्रेता के बेटे ने रचा इतिहास: चंदौसी के देव डुडेजा ने UPSC में हासिल की 152वीं रैंक। 

सम्भल जनपद के चंदौसी शहर के रहने वाले देव डुडेजा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 152वीं रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने

By INA News Desk
Mar 7, 2026 - 11:32
47 Views
Sambhal: चाय विक्रेता के बेटे ने रचा इतिहास: चंदौसी के देव डुडेजा ने UPSC में हासिल की 152वीं रैंक। 
इंद्रमोहन डुडेजा, पिता , चंद्रप्रभा, माता

उवैस दानिश, सम्भल 

सम्भल जनपद के चंदौसी शहर के रहने वाले देव डुडेजा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 152वीं रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे शहर का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से आने वाले देव की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है और उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

देव डुडेजा के पिता इंद्रमोहन डुडेजा एसएम डिग्री कॉलेज के सामने अपने भाइयों प्रेम डुडेजा और ब्रजमोहन डुडेजा के साथ चाय की दुकान चलाते हैं। वहीं उनकी मां चंद्रप्रभा ग्राम मई के कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। देव ने अपनी शुरुआती पढ़ाई आरआरके स्कूल से की और वर्ष 2018 में पीसीएम विषय से इंटरमीडिएट पास किया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से वर्ष 2021 में पॉलिटिकल साइंस विषय से स्नातक किया। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी और दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान से मार्गदर्शन लिया। वर्ष 2022 में उन्होंने यूपीएससी की मुख्य परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया। इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार तैयारी जारी रखी। साल 2023 में उन्होंने पॉलिटिकल साइंस से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई शुरू की और साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी। जून 2024 में प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने सितंबर में मुख्य परीक्षा दी और मार्च 2025 में इंटरव्यू हुआ, जिसमें उन्हें 327वीं रैंक मिली।

उस समय उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में हुआ और वर्तमान में वे नागपुर में प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान भी देव ने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और चौथी बार परीक्षा दी। फरवरी 2026 में दिल्ली में इंटरव्यू देने के बाद जब शुक्रवार को परिणाम घोषित हुआ तो उन्होंने 152वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की। देव का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति अपने लक्ष्य पर पूरी एकाग्रता और मेहनत के साथ काम करे तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि धैर्य और लगातार प्रयास ही कामयाबी की असली कुंजी है। देव को खाने में राजमा-चावल बेहद पसंद हैं और खाली समय में उन्हें क्रिकेट खेलना अच्छा लगता है। उनके छोटे भाई संकेत डुडेजा मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे हैं। देव की इस उपलब्धि से पूरे चंदौसी क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।

Also Read- Lucknow: महिलाओं की प्रतिभा से चमका सरस मेला, बोले उपमुख्यमंत्री – ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं महिलाएं ।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow