Lucknow: योगी सरकार में बढ़ी आस्था की रौनक, काशी विश्वनाथ मंदिर में रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालुओं ने किए दर्शन।
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में धार्मिक पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिल रहा है। इसका स्पष्ट उदाहरण
- काशी विश्वनाथ धाम में मार्च में करीब 65 लाख श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे
- योगी सरकार द्वारा कॉरिडोर के विकास, साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं की सुविधा में बड़ा सुधार
- पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह बोले- काशी बनी आस्था और आधुनिकता का संगम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में धार्मिक पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिल रहा है। इसका स्पष्ट उदाहरण काशी विश्वनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या है। मार्च में यहां करीब 65 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह न केवल प्रदेश में बढ़ती आस्था का प्रतीक है, बल्कि सरकार द्वारा विकसित की गई बेहतर व्यवस्थाओं का भी प्रमाण है। काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के निर्माण के बाद मंदिर परिसर का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। पूर्ववर्ती सरकारों में जहां श्रद्धालुओं को संकरी गलियों और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ता था, वहीं योगी सरकार में विशाल, भव्य और सुव्यवस्थित परिसर ने दर्शन को सहज और सुगम बना दिया है।
- कतार प्रबंधन और डिजिटल निगरानी ने श्रद्धालुओं के अनुभव को बनाया बेहतर
काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के कारण मंदिर तक पहुंच आसान हुई है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। योगी सरकार ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी है। आधुनिक शौचालय, पेयजल व्यवस्था, सुचारु कतार प्रबंधन और डिजिटल निगरानी जैसी सुविधाओं ने श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाया है। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच श्रद्धालु अधिक सहजता और सुरक्षित वातावरण में दर्शन कर पा रहे हैं।
- सौंदर्यीकरण और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से मिला नया आयाम
वाराणसी में बुनियादी ढांचे के विकास ने भी धार्मिक पर्यटन को गति दी है। सड़कों का चौड़ीकरण, बेहतर परिवहन सेवाएं, घाटों का सौंदर्यीकरण और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था ने शहर की छवि को नया आयाम दिया है। इसके साथ ही गंगा नदी में शुरू हुई क्रूज सेवाओं ने पर्यटकों को काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नए अंदाज में देखने का अवसर दिया है। धार्मिक पर्यटन के बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। होटल, गेस्ट हाउस, दुकानों और अन्य व्यवसायों में तेजी आई है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं और स्थानीय लोगों की आय में सकारात्मक सुधार देखने को मिला है।
- पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह बोले-काशी बनी आस्था और आधुनिकता का संगम
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी का व्यापक कायाकल्प हुआ है। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के विकास से मंदिर क्षेत्र का विस्तार हुआ है और श्रद्धालुओं को अधिक सुगम, व्यवस्थित और दिव्य दर्शन का अनुभव मिल रहा है। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि काशी आज आस्था, आध्यात्म और आधुनिक पर्यटन का अद्भुत संगम बन चुकी है। गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण, आधुनिक लाइटिंग, स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर कनेक्टिविटी ने शहर को वैश्विक पहचान दिलाई है। साथ ही रोपवे परियोजना, मल्टीलेवल पार्किंग, स्मार्ट सिटी के तहत विकसित ढांचा और रिवरफ्रंट डेवलपमेंट जैसे कार्यों ने काशी को एक समग्र पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया है।
What's Your Reaction?









