हरदोई में 11 से 18 जुलाई तक चलेगा विश्व जनसंख्या दिवस अभियान, परिवार नियोजन सेवाओं पर रहेगा विशेष जोर
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 से 18 जुलाई तक विश्व जनसंख्या दिवस अभियान आयोजित किया जाएगा। इस
हरदोई: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 से 18 जुलाई तक विश्व जनसंख्या दिवस अभियान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान समुदाय को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने तथा स्थायी एवं अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडे ने बताया कि इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम "Healthy Timing and Spacing Between Pregnancies for Well-being of Mother & Child and to Prevent Unintended Pregnancies" तथा स्लोगन "जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल" रखा गया है। मां और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए दो गर्भधारण के बीच उचित समय और अंतराल अत्यंत आवश्यक है। कम से कम दो से तीन वर्ष का अंतर रखने से मां के शरीर को पर्याप्त समय मिलता है, जिससे एनीमिया, समयपूर्व प्रसव, कम वजन के शिशु के जन्म तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु के जोखिम में कमी आती है। साथ ही यह अनियोजित गर्भधारण को रोकने, परिवार की बेहतर योजना बनाने तथा बच्चों के समुचित पोषण, देखभाल और विकास में भी सहायक है। परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधनों को अपनाकर दंपत्ति अपने परिवार का आकार और बच्चों के जन्म का समय अपनी आवश्यकता एवं स्वास्थ्य के अनुरूप सुरक्षित रूप से निर्धारित कर सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परिवार नियोजन से संबंधित दवाओं एवं गर्भनिरोधक साधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र अथवा आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाएं और स्वस्थ, खुशहाल एवं समृद्ध परिवार के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अरविन्द सचान ने बताया कि अभियान के दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन से संबंधित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। आशा, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर नवविवाहित दंपत्तियों, नवप्रसूताओं तथा योग्य लाभार्थियों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों और उनके लाभों की जानकारी देंगे तथा आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत पुरुष एवं महिला नसबंदी के साथ-साथ अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली, कॉपर-टी, कंडोम सहित अन्य अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा प्रसवोत्तर परिवार नियोजन सेवाओं को भी विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को और बेहतर बनाया जा सके। इसके साथ ही जिला अस्पताल, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों तथा ग्राम स्तर पर गोष्ठियों, परामर्श सत्रों, रैलियों और आईईसी गतिविधियों के माध्यम से छोटे परिवार के महत्व, बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल तथा जिम्मेदार अभिभावकत्व का संदेश दिया जाएगा।
क्या कहते हैं आंकड़े
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद में 2,790 महिलाओं एवं 4 पुरुषों ने नसबंदी की सेवा अपनाई। इसी अवधि में 14,402 महिलाओं ने आईयूसीडी (IUCD), 27,040 महिलाओं ने प्रसवोत्तर आईयूसीडी (PPIUCD), 32,473 महिलाओं ने त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा, 1,19,576 महिलाओं ने छाया तथा 1,55,757 महिलाओं ने माला-एन गर्भनिरोधक गोली का उपयोग किया। ये आंकड़े जनपद में परिवार नियोजन सेवाओं के प्रति बढ़ती जागरूकता और लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं।
What's Your Reaction?




