Sitapur: नैमिषारण्य के गुरुकुल से तीन छात्र अचानक लापता, आश्रम प्रबंधन और परिजनों में मचा हड़कंप
नैमिषारण्य स्थित नारदानंद आश्रम के श्री अध्यात्म विद्यापीठ ब्रह्मचर्य आश्रम के गुरुकुल से वेद एवं पुराणों की शिक्षा ग्रहण
रिपोर्ट: सुरेंद्र मोठी , नैमिषारण्य/सीतापुर
सीतापुर: नैमिषारण्य स्थित नारदानंद आश्रम के श्री अध्यात्म विद्यापीठ ब्रह्मचर्य आश्रम के गुरुकुल से वेद एवं पुराणों की शिक्षा ग्रहण कर रहे तीन छात्र अचानक लापता हो गए। तीनों छात्रों के एक साथ गायब होने की सूचना से आश्रम प्रबंधन के साथ-साथ उनके परिजन भी हुए चिंतित हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बटुक बच्चों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचना भेजी गई है।
लापता छात्रों में हरदोई जनपद के ग्राम अल्लीपुर निवासी अनुकेश (12) पुत्र सौरभ मिश्रा, अयोध्या नगरी आसरेवा निवासी हिमांशु पांडेय (लगभग 13) पुत्र अवधेश पांडेय तथा लखनऊ के दुबग्गा रिंग रोड निवासी आर्यन गुप्ता (11) पुत्र धर्मेंद्र गुप्ता शामिल हैं। बताया गया है कि तीनों ने इसी वर्ष नारदानंद आश्रम के गुरुकुल में प्रवेश लिया था।
आश्रम प्रबंधन के मुताबिक, तीनों छात्र एक साथ परिसर से बाहर निकले थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई। स्थिति स्पष्ट न होने पर आश्रम प्रबंधन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी।
गुरुकुल के आचार्य मोहित के अनुसार, मंगल आरती के दौरान जब वेदपाठियों की उपस्थिति दर्ज की गई तो तीन छात्र अनुपस्थित मिले। गुरुकुल में करीब 150 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। तीन छात्रों के एक साथ न मिलने पर आश्रम प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक नवनीत मिश्रा के अनुसार, बच्चों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है। नैमिषारण्य क्षेत्र हरदोई जनपद की सीमा के करीब होने के कारण आसपास के जिलों की पुलिस को भी बच्चों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई गई है। बच्चों की तलाश में एक पुलिस टीम को लखनऊ भी भेजा गया है।
उधर, परिजन भी अपने स्तर से बच्चों की खोजबीन में जुटे हुए हैं। पुलिस और आश्रम प्रबंधन द्वारा संभावित स्थानों पर बच्चों की तलाश की जा रही है। फिलहाल तीनों छात्रों के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन तीनों बच्चों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित थाना पुलिस को सूचना दें।
Also Read- राष्ट्रीय जल पुरस्कार: डीएम दुर्गाशक्ति नागपाल को मिला सम्मान, उत्तर प्रदेश को मिला दूसरा स्थान
What's Your Reaction?







