विधानसभा चुनाव की तैयारी: यूपी में ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी होगी पारदर्शी, दलों को दी जाएगी जानकारी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच होगी। राजनीतिक दलों की मौजूदगी में पारदर्शी एफएलसी कराने के निर्देश जारी।

By INA News Desk
Sep 13, 2026 - 21:45
5 Views
विधानसभा चुनाव की तैयारी: यूपी में ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी होगी पारदर्शी, दलों को दी जाएगी जानकारी

लखनऊ। राज्य में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और विश्वसनीय ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन तंत्र ने प्रारंभिक स्तर की तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया को पूरी गुणवत्ता, शुचिता और तय मानकों के साथ कराया जाएगा। निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी जनपदों में इस तकनीकी परीक्षण के प्रत्येक चरण से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को लिखित रूप से अवगत कराया जाएगा और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मशीनों की तकनीकी जांच की व्यवस्था को त्रुटिरहित और मानक के अनुरूप क्रियान्वित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और एफएलसी सुपरवाइजरों के लिए चरणबद्ध रूप से एक दिवसीय तकनीकी कार्यशालाओं का आयोजन हो रहा है। इन कार्यशालाओं के जरिए अधिकारियों को मशीनों की सीलिंग, तकनीकी जांच, सुरक्षा प्रोटोकॉल और प्रशासनिक दायित्वों के संबंध में बिंदुवार जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण के विस्तृत कार्यक्रम के तहत राजधानी स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशिक्षण एवं प्रबंध अकादमी में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय कार्यशाला में 33 जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एफएलसी सुपरवाइजर प्रतिभाग कर रहे हैं। इससे पूर्व जनपदों के अधिकारियों को अलग-अलग मंडलीय केंद्रों पर प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिसमें जनपद गौतमबुद्ध नगर में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में 21 जनपदों और जनपद वाराणसी में आयोजित सत्र में भी 21 जनपदों के चुनाव अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया था। आयोग का प्रयास है कि चुनाव से पूर्व मतदान से जुड़े सभी तकनीकी उपकरणों की जांच पूरी प्रामाणिकता के साथ संपन्न हो, ताकि मतदान प्रक्रिया पर किसी भी पक्ष को संशय न रहे।

Also Click : सहारनपुर में शाकुंभरी देवी मेले की तैयारियां तेज, एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था और यातायात योजना

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow