दुग्धशाला विकास विभाग की स्वर्ण जयंती पर यूपी के सभी 75 जिलों में होगा डेयरी कॉन्क्लेव-2026, पशुपालकों को मिलेंगे कई लाभ

उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूरे होने पर राज्य के सभी 75 जिलों में एक दिवसीय डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जाएगा।

Aug 4, 2026 - 21:32
 0  4
दुग्धशाला विकास विभाग की स्वर्ण जयंती पर यूपी के सभी 75 जिलों में होगा डेयरी कॉन्क्लेव-2026, पशुपालकों को मिलेंगे कई लाभ

लखनऊ: उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य के सभी 75 जनपदों में एक दिवसीय डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जाएगा। दुग्धशाला विकास और पशुपालन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों तक विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना, आधुनिक तकनीकों की जानकारी देना और वैज्ञानिक पशुपालन प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. ने बताया कि प्रदेश स्तरीय इस कार्यक्रम की गतिविधियां विकास भवन सभागारों में आयोजित होंगी और मुख्यालय से वेब लिंक के जरिए इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा इसका शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें दुग्ध संघों के प्रतिनिधि, पशुपालक, किसान, महिला स्वयं सहायता समूह और दुग्ध समितियों के सदस्य शामिल होंगे। सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे के बीच विशेषज्ञ जूम लिंक के माध्यम से आधुनिक डेयरी प्रबंधन, नंद बाबा दुग्ध मिशन, चारा प्रबंधन, दुग्ध नीति-2022 और पशु रोग नियंत्रण जैसी योजनाओं पर तकनीकी जानकारी देंगे।

आयोजन के दौरान कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ वैज्ञानिक तथा विशेषज्ञ पशुपालकों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना और नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चयन पत्र भी वितरित किए जाएंगे। विभाग की ओर से प्रदेश के सभी दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों से इस जनपद स्तरीय आयोजन में भाग लेने की अपील की गई है।

Also Click : यूपी में छात्रवृत्ति योजना का समयबद्ध और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित, नोडल अधिकारी किए जाएंगे तैनात

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow